सोनीपत। भाजपा नेता राजीव जैन ने मंदिर के पुजारियों से शहर में मजबूत संगठन बनाने की अपील की, ताकि समय-समय पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। साथ ही एक शहर एक त्योहार मनाने का भी आग्रह किया। राजीव जैन रविवार देर रात ककरोई रोड स्थित दुर्गा मंदिर के प्रांगण में सम्वत 2081 पर्व पत्रिका के विमोचन पर पुजारियों की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा नेता माईराम कौशिक ने जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे गाना सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजीव जैन ने कहा कि एक ही त्योहार दो-दो दिन मनाने से असुविधा होती है और त्योहार का महत्व भी कम हो जाता है। ऐसे में उन्होंने सभी से एक शहर-एक त्योहार मनाने का आग्रह किया। शेष नारायण महाराज ने कहा कि हम सबका कर्तव्य है कि अपने निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर सनातन धर्म को मजबूत करने के लिए काम करें, ताकि भारत का डंका विश्व में बज सके। पुजारियों ने मांग रखी कि सरकार इमामों की तर्ज पर पुजारियों को भी मासिक भत्ता प्रदान करें और आपात स्थिति में आर्थिक मदद करें। कार्यक्रम में भाजपा नेता तरुण देवीदास, योगेशपाल अरोड़ा, पंडित अमित शौनक, लक्ष्मण पाठक, योगेश शर्मा, पंडित विपिन, विशाल शर्मा, हेमंत शर्मा, पंडित राजेंदर त्रिपाठी, सुरेश शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।