लघु सचिवालय की पार्किंग में सोमवार दोपहर एक बजे पर्ची कटवाने को लेकर नगर परिषद प्रधान दर्शन नागपाल और पार्किंग ठेकेदार के कारिंदे आपस में भिड़ गए। गाड़ी में मौजूद प्रधान व पार्षदों की ठेकेदार के कारिदों के साथ काफी तू-तड़ाक हुई। मामला बढ़ता देख नगर परिषद चेयरमैन व पार्षद पार्किंग गेट पर ही गाड़ी छोड़ डीसी कार्यालय में चले गए।
नगर परिषद चेयरमैन की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे तक बीच रास्ते में खड़ी रही। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ड्राइवर को गाड़ी हटाने के लिए भी कहा, लेकिन गाड़ी नहीं हटाई गई। इस मामले में सोमवार शाम को प्रधान दर्शन नागपाल और आठ पार्षदों ने उपायुक्त को पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत दे दी है।
सोमवार दोपहर को दर्शन नागपाल अपने साथ पार्षदों को लेकर स्कॉर्पियो गाड़ी में उपायुक्त के पास मिटिंग के लिए लघुसचिवालय पहुंचे।गेट पर पार्किंग ठेकेदार के करिंदों ने स्कोरपियो गाड़ी को रूकवा लिया और 20 रूपए की पर्ची काट दी। गाड़ी में बैठे दर्शन नागपाल व पार्षदों ने कहा कि चेयरमैन की गाड़ी है लेकिन करिंदे अपनी बात पर अड़े रहे और बोले कि हम किसी प्रधान को नहीं जानते। डीसी से लिखवा कर लाओ।
इसी बात को लेकर दर्शन नागपाल व पार्षद गाड़ी से नीचे उतर आए और करिंदो से भिड़ गए। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। हंगाम बढ़ता देख प्रधान व पार्षद गाड़ी को गेट पर ही छोड़कर डीसी कार्यालय में चले गए। इस दौरान डेढ़ घंटे तक प्रधान की स्कॉर्पियो गाड़ी लघुसचिवालय के रास्ते के बीच में खड़ी रही।
गाड़ी पर नहीं लिखा है चेयरमैन
लघु सचिवालय में गाड़ी दाखिल हुई तो कर्मचारी ने गाड़ी को रुकवाया। जब कर्मचारी ने पर्ची कटवाने को कहा तो गाड़ी में सवार लोग नीचे उतर आए और कर्मचारी से भिड़ गए और कहा कि प्रधान की गाड़ी है। गाड़ी पर कुछ भी नहीं लिखा हुआ था। हमने सिर्फ इतना ही कहा था कि डीसी साहब से लिखवा कर ला दो। हमने लाखों रुपये भरकर ठेका लिया हुआ है।
सोनू कुमार, पार्किंग ठेकेदार
पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारी ने जब गाड़ी रुकवाई तो हमने सिर्फ यह कहा कि गाड़ी प्रधान की है और इसमें पार्षद प्रतिनिधि भी हैं, लेकिन ठेकेदार ने 20 रुपये की पर्ची काट दी और कहा कि पैसे दो नहीं तो डीसी साहब से बात कर लो। आठ पार्षदों और मैंने डीसी को लिखित शिकायत दी है। इससे पहले भी ठेकेदार के कर्मचारी कई लोगों से भिड़ चुके हैं। डीसी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दर्शन नागपाल, प्रधान, नगर परिषद फतेहाबाद