फोटो 06- सोनीपत के बहालगढ़ स्थित साई केंद्र में साइकिलिंग रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते क्
सोनीपत। बहालगढ़ स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तर क्षेत्रीय केंद्र (साई) में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। इसको क्षेत्रीय निदेशक शिवम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 10 किलोमीटर लंबी साइकिलिंग रैली में एथलीटों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। रैली का नेतृत्व गांव खेवड़ा निवासी दो बार के पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित आंतिल ने किया। क्षेत्रीय निदेशक शिवम शर्मा ने बताया कि साइकिल रैली में करीब 100 सवारों ने भाग लिया। इसका नेतृत्व मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्डी सुमित आंतिल ने किया। साइकिल रैली की थीम पॉल्यूशन का सॉल्यूशन थीम रही। उन्होंने बताया कि केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने 17 दिसंबर को नई दिल्ली से फिट इंडिया साइकिलिंग ड्राइव की पहल का शुभारंभ किया है। इसी पहल के चलते साई केंद्र में भी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी फिटनेस में सुधार करते हुए हर मंगलवार को साइकिल चलाकर पर्यावरण हितैषी जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करता रहा। साई के अन्य केंद्रों में भी रैली का आयोजन किया गया। इसके साथ पुलिस विभाग सोनीपत ने भी यातायात के संचालन में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में निदेशक शिवम शर्मा ने सभी से अपील की है कि वह साइकिलिंग को जीवन का एक हिस्सा बनाएं व स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर स्वास्थ्य हासिल करने के लिए जहां तक संभव हो साइकिल का उपयोग करें। रैली में सुमित आंतिल के प्रशिक्षक अरुण व साई केंद्र के एथलीट, प्रशिक्षक और स्टाफ ने भाग लिया।