सोनीपत में पेपर आउट करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
- फोटो : संवाद
सोनीपत। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की तरफ से आयोजित की जा रही स्नातक अंतिम वर्ष का हिंदी विषय का पेपर आउट करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अब तक की जांच में सामने आया है कि टोनी ने पेपर आउट कराने में मुख्य भूमिका अदा की थी। पुलिस मामले में अन्य की संलिप्तता का पता लगा रही है।
मदवि की तरफ से प्रथम चरण में हिंदी अंतिम वर्ष की परीक्षा सोमवार को हुई थी। पुलिस को दोपहर 1 बजे सोशल मीडिया व अन्य माध्यम से जानकारी मिली थी कि मदवि की तरफ से आयोजित परीक्षा का पेपर आउट हो गया है। उसकी एक फोटो स्टेट की दुकान पर प्रतियां निकाली जा रही हैं। इस पर सिटी थाना से एएसआई राजेश की टीम ने श्रीजी फोटो स्टेट दुकानदार सुभाष नगर निवासी आकाश व मुरथल निवासी टोनी को पकड़ा था।
उनके कब्जे से हिंदी का पेपर व छह फोटो कॉपी बरामद की गई थी। बाद में पुलिस जांच में पता लगा कि पेपर को सोनीपत के सीआरए कॉलेज से आउट किया गया। पेपर को कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मी सुधीर ने परीक्षा शुरू होने के करीब आधा घंटा बाद लाकर बाहर दे दिया था, जिसके बाद उसे फोटो स्टेट की दुकान पर लाया गया था। पुलिस ने मामले में गांव राजपुर निवासी हैप्पी, मुरथल निवासी आदित्य व दहिया कॉलोनी निवासी सुधीर को भी गिरफ्तार कर लिया था।
मामले में पुलिस ने दो फोटो स्टेट मशीन व कंप्यूटर जब्त किए थे। साथ ही नोट्स की कुंजी भी मिली थी। पुलिस जांच में पता लगा कि पेपर आउट कराने में टोनी की अहम भूमिका थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।