पंचायती राज चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के दौरान 1437 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। जिसमें 552 महिला और 884 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। पंचायत अधिकारी जयभगवान ने बताया कि ब्लॉक समिति के 118 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। जिनमें 69 पुरुष, 49 महिलाएं हैं। सरपंच पद के लिए नामांकन आए 394। जिसमें 253 पुरुष और 141 महिला प्रत्याशी रहीं। पंच के लिए 925 नामांकन आए। इसमें 563 पुरुष और 362 महिला प्रत्याशी हैं। 11 जनवरी को प्रत्याशी द्वारा भरे गए नामांकन पत्रों और उसके साथ संलग्न किए गए दस्तावेजों की जांच पड़ताल की जाएगी, यदि जांच पड़ताल के दौरान किसी उम्मीदवार के नामांकन पत्रों में कोई त्रुटी पाई गई उनके नामांकन पत्र रद्द किए जाएंगे। इसके बाद 13 जनवरी तक उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकता है और इसी दिन उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 24 जनवरी को ब्लाक में मतदान की प्रक्रिया होगी।
भांवर में बजे विरोध के सुर
गांव भांवर में ग्रामीणों द्वारा पंचायत का चुनाव सर्वसम्मति से चुनाव होने के बाद भी सहमति नही हो पाई। नामांकन पत्र भरने के आखिरी दिन ग्रामीणों के फैसले का विरोध करते हुए सरपंच पद के लिए चार अन्य प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके चलते सर्वसम्मति धरी की धरी रह गई। गांव में ग्रामीणों द्वारा सर्वसम्मति से पंचायत का चुनाव करने की कोशिश की गई थी। इस कड़ी में 3 जनवरी को गांव में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई थी जिसमें सर्वसम्मति से गांव के बिजेंद्र जांगड़ा को सरपंच पद के लिए चुन लिया गया था, लेकिन नामांकन प्रक्रिया के दौरान चार अन्य प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार से उनके द्वारा नामांकन करने से सर्वसम्मति टूट गई है। यदि 13 जनवरी को नामांकन पत्र वापिस नहीं लिए जाते हैं तो गांव में चुनाव होना निश्चित हो जाएगा। जिन पांच प्रत्याशियों ने सरपंच पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए है उनमें बिजेंद्र जांगड़ा, जगमेंद्र, सुनील, मनीष व राकेश शामिल है।