फोटो :25: सोनीपत के ओल्ड डीसी रोड पर बस मालिक पर हुए हमले के मामले में मौके पर पहुंचकर जानकारी
सोनीपत। ओल्ड डीसी रोड पर कार सवार युवकों ने एक निजी बस मालिक पर धारदार हथियारों से हमला करने के साथ ही ही पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया।वारदात को अंजाम देकर हमलावर भाग गए। निजी बस के चालक की कार सवार युवकों संग साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई थी।
मूलरूप से गांव सबौली हाल सेक्टर-12 निवासी प्रशांत ने बताया कि वह निजी बस में सवारी लेकर जाते हैं। बस पर जटवाड़ा स्थित सुंदर सांवरी निवासी संजीव चालक है। वह रात को नौ बजे कालूपुर चुंगी सोनीपत से बस में सवारी भरकर चले थे। बस जब आईटीआई चौक पर पहुंची तो वहां पर कार सवार दो युवकों संग उनकी बस के चालक की साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई।
इसके बाद चालक ने उन्हें कॉल कर मामले से अवगत कराया। जिस पर वह अपनी गाड़ी लेकर ओल्ड डीसी पर रोड पर चले गए। वहां जाने पर उनकी बस ओल्ड डीसी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ी मिली। पता लगा कि युवकों ने बस के आगे अपनी कार अड़ा कर रास्ता रोक रखा था। प्रशांत का आरोप है कि उन्होंने युवकों को बताया कि वह बस के मालिक हैं। तब उन्होंने उन्हें भी धमकी दी।
जब उन्होंने गाड़ी को एक साइड में लगाने को कहा तो कार चालक ने उनके सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए। इसी बीच उनके पांच-छह साथी भी मौके पर आ गए थे। उन्होंने भी उन पर लात-घुसे बरसा दिए। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। तभी लोगों की भीड़ लग गई। जिस पर हमलावर धमकी देकर भाग गए। उनके मौसेरे भाई दीपांशु ने उन्हें नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उन्हें बहालगढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।