गोहाना-सोनीपत हाईवे नंबर 352-ए पर गांव लाठ के पास पलटा पराली से ओवरलोड ट्रॉला। संवाद
- फोटो : Samvad
सोनीपत। गोहाना-सोनीपत को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड हाईवे 352ए पर 18 किलोमीटर की दूरी में पराली से ओवरलोड दो वाहन रोड के बीच फंस गए। इन दोनों घटनाओं की वजह से घंटों लोग परेशान रहे मगर गोहाना और सोनीपत सदर थानों की पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पहली घटना गोहाना सदर थाना क्षेत्र के लाठ गांव के पास हुई। यहां पर हाईवे पर पराली से लटी ट्रॉली पलटी हुई थी। इसकी वजह से वाहन चालकों को रॉन्ग साइड की सर्विसलेन से होकर करीब तीन किलोमीटर चलना पड़ा। उनको बीधल गांव में फ्लाईओवर से क्रॉस करके ही अपनी लेन पर आने का मौका मिला।
यहां से करीब 18 किलोमीटर की दूरी पर गांव बड़वासनी के मुहाने पर भी पराली से भरी एक ट्रॉली रोड के बीचोंबीच पड़ी थी। इसका हुक टूटा हुआ था। बिना ट्रैक्टर के सड़क पर परेशानी का सबब बन रही इस ट्रॉली के आसपास कोई कुछ बताने वाला भी नहीं था कि यह किसकी है? कहां से कहां ले जाई जा रही थी?
लाठ वाले घटनाक्रम पर गोहाना सदर थाने के प्रभारी और बड़वासनी वाली घटना के बारे में थाना सदर सोनीपत के प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने एक ही तरह की बात कही। दोनों पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 112 हेल्पलाइन पर कोई सूचना नहीं आई है। बाकी पता करवा रहे हैं।
गोहाना-सोनीपत हाईवे नंबर 352-ए पर गांव लाठ के पास पलटा पराली से ओवरलोड ट्रॉला। संवाद- फोटो : Samvad