सोनीपत। राजकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन अभी तक सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित नहीं की गई हैं। जबकि शिक्षा विभाग ने दावा किया था कि परीक्षा परिणाम जारी करने के समय ही सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर दी जाएंगी। हालांकि सोनीपत में अभी भी करीब 30 हजार विद्यार्थियों को आज भी किताबें मिलने का इंतजार है।
शिक्षा विभाग राजकीय स्कूलों की स्थिति को सुधारने और विद्यार्थी संख्या बढ़ाने पर जोर दे रहा है। यही कारण है कि प्रत्येक स्कूल में सभी कक्षाओं में पिछले वर्ष के मुकाबले 10 फीसदी विद्यार्थी संख्या बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया है। इसे पूरा करने के लिए अध्यापक भी डाेर-टू-डोर जाकर अभिभावकों व विद्यार्थियों से संपर्क साध रहे हैं और उन्हें राजकीय स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं से अवगत करा रहे हैं। वहीं ड्राॅपआउट बच्चों का पता लगाकर उन्हें शिक्षा की डगर पर लाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे राजकीय स्कूलों में विद्यार्थी संख्या बढ़ा जा सके। इन सबके बीच स्कूलों में दावे के अनुसार समय पर किताबें नहीं पहुंचना बाधा बन सकता है। शिक्षा अधिकारियों की मानें तो पहली से पांचवीं कक्षा तक के सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर दी गई हैं। छठी से आठवीं कक्षा तक की किताबें अभी नहीं पहुंची हैं। किताबें आते ही वितरण कर दिया जाएगा।
आगामी सप्ताह तक किताबें पहुंचने की उम्मीद
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि पहली से पांचवीं कक्षा तक के करीब 41500 विद्यार्थियों के लिए नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले ही किताबें पहुंच गई थी। 30 मार्च को घोषित किए गए परीक्षा परिणाम के दौरान ही उपस्थित विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर दी गई थी। जो विद्यार्थी शेष रह गए थे, उन्हें नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने पर दी गई। हालांकि छठी से आठवीं कक्षा तक की किताबें अभी नहीं पहुंची है। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी सप्ताह में किताबें पहुंच सकती हैं।
पांचवीं कक्षा तक किस खंड में कितने विद्यार्थी
खंड पहली दूसरी तीसरी चौथी पांचवीं
गन्नौर 817 1351 1700 1620 1720
गोहाना 574 936 1049 1063 1083
कथूरा 225 349 473 462 465
खरखौदा 540 745 928 938 973
मुंडलाना 336 571 746 721 688
राई 1816 1777 2317 2152 2416
सोनीपत 1527 1835 2162 2123 2305
कुल 5835 7564 9375 9079 9650
इन विद्यार्थियों को अभी किताबों को इंतजार
खंड विद्यार्थी
गन्नौर 5688
गोहाना 3411
कथूरा 1514
खरखौदा 2863
मुडलाना 2206
राई 7401
सोनीपत 6904
कुल 29987
जिले में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित कर दी गई हैं। कक्षा छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए भी किताबें जल्द पहुंचने की उम्मीद है। किताबें आते ही वितरित कर दी जाएंगी। विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
- जितेंद्र छिक्कारा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत