खरखौदा। गोहाना के जिला बनने की चर्चा के बीच खरखौदा विधानसभा क्षेत्र को उसमें शामिल करने का क्षेत्र के लोगों ने कड़ा विरोध किया है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक से एकत्रित हुए व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं व नागरिकों सहित हर वर्ग ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर को ज्ञापन दिया। वहीं खरखौदा बार एसोसिएशन, सरपंच एसोसिएशन ने भी एसडीएम को ज्ञापन देकर अपना विरोध जताया।
एसडीएम कार्यालय में लोगाें ने मांग की है कि खरखौदा को गोहाना में शामिल करने की कोई भी योजना तत्काल रद्द की जाए। वह गोहाना को जिला बनाने का विरोध नहीं करते, लेकिन खरखौदा को उसमें शामिल करने के प्रयास को सफल नहीं होने देंगे। आज खरखौदा को जिला बनाने की जरूरत है, न कि इसे आगामी समय में जिला बनने जा रहे गोहाना का हिस्सा बनाने की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भी बहादुरगढ़ के बजाय झज्जर को जिला बनाया गया था। आज पूरा प्रदेश बहादुरगढ़ व झज्जर की स्थिति को जानता है। जब औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) में मारुति आ गई है तो खरखौदा की स्थिति और मजबूत हो गई है। ऐसे में इसे गोहाना में मिलाने के बजाय जिला घोषित किया जाना चाहिए।
एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। सरकार जनता की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही कोई निर्णय लेगी। डाॅ. अनिल दहिया, मैक्सिन ठेकेदार, जयकुमार राणा, संदीप राणा, जितेंद्र राणा, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान आशीष, सरपंच विनोद, नरेश, अश्वनी, पवन, पार्षद मुकेश, हरिओम, गोपाल, संजय पंवार, सीतराम, पूर्व पार्षद सुषमा, रविंद्र, मदन सैनी, राजबीर सरोहा, श्यामपाल, सतीश सेहरी, गुलशन ठेकेदार, रिंकेश, भारत शर्मा मौजूद रहे।
लोगों की राय लिए बिना प्रशासनिक बदलाव उचित नहीं
लोगों ने खरखौदा की पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए सोनीपत जिले को पुलिस कमिश्नरी बनाने, महानगर विकास प्राधिकरण के दायरे में खरखौदा को भी रखने के बावजूद इसे सोनीपत से अलग करते हुए गोहाना में शामिल किए जाने पर सवाल उठाए। लोगों ने कहा कि प्रशासनिक बदलाव बिना स्थानीय लोगों की राय लिए किए जा रहे हैं, जो उचित नहीं हैं। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार ने इस पर पुनर्विचार नहीं किया तो बड़े स्तर पर विरोध जताया जाएगा।
पंचायत बुलाने का लिया निर्णय
क्षेत्रवासियों ने बैठक कर 22 मार्च को परशुराम पार्क में पंचायत बुलाने का निर्णय लिया। विकेश दहिया ने कहा कि विधानसभा के हर गांव को इस मुहिम से जोड़कर आगामी निर्णय लिया जाएगा। बैठक में दहिया खाप के प्रधान जयपाल दहिया, प्रीतम खोखर, रोहताश दहिया, बल्ले, रामदिया, अत्तर सिंह, दीपक, कृष्ण, लेखराम, बिजेंद्र, हंसराज, जयसिंह, परविंद्र, बिजेंद्र, मंजीत, सुप्रिया मौजूद रही।
हलका वासियों को पहले भी आश्वस्त किया गया है। इस विषय पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी बातचीत हुई है। खरखौदा सोनीपत का हिस्सा था, है और रहेगा। ऐसे में खरखौदा क्षेत्रवासियों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। -पवन खरखौदा, विधायक।
फोटो 18- सोनीपत के खरखौदा स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम डाॅ. निर्- फोटो : संवाद
फोटो 18- सोनीपत के खरखौदा स्थित कार्यालय में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम एसडीएम डाॅ. निर्- फोटो : संवाद