सोनीपत। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन ने भू अभिलेख हरियाणा के निदेशक के नाम ज्ञापन भेजकर मांग की है कि नए भर्ती पटवारियों की फील्ड ट्रेनिंग को 4 महीने बढ़ाने का आदेश रद्द किया जाए। सालभर पहले मुख्यमंत्री की तरफ से की गई घोषणा को लागू किया जाए। इसके अलावा अन्य मांगें की गईं।
एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव व सोनीपत जिला प्रधान सन्नी दहिया ने बताया कि लंबे संघर्ष के बाद 7 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री ने ट्रेनिंग पीरियड को 1 साल करने, ट्रेनिंग के दौरान पूरा वेतनमान देने और ट्रेनिंग पीरियड को सर्विस पीरियड में जोड़ने का निर्णय लिया था।
इस मुद्दे पर एसोसिएशन कई बार भू अभिलेख निदेशक के साथ बैठक कर चुकी है। पिछली बार की बैठक में 15 मार्च तक इस मुद्दे को सुलझाने का आश्वासन दिया गया था। इसी बीच 3 मार्च को फिर से 4 महीने के लिए ट्रेनिंग के लिए पत्र जारी किया गया है।
यह आदेश उन युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जो पहले ही नियुक्ति की प्रतीक्षा में मानसिक दबाव झेल रहे हैं। एसोसिएशन मांग करती है कि ट्रेनिंग विस्तार के आदेश को तुरंत वापस लिया जाए और मुख्यमंत्री की घोषणा का नोटिफिकेशन जारी करके नवनियुक्त पटवारियों की फील्ड जॉइनिंग मार्च में सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अगर इस मुद्दे पर जल्द कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं होते हैं तो एसोसिएशन को मजबूरन कड़े विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार करनी होगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और राजस्व विभाग की होगी।