गोहाना। मरीजों की सुविधा के लिए नागरिक अस्पताल में ओपीडी का दायरा बढ़ाते हुए नेत्र रोग विभाग को लेबर रूम के बाहर बने कक्ष में शिफ्ट कर दिया है। इससे पहले यह ओपीडी के कक्ष में था। नेत्र रोग विभाग को शिफ्ट करने के बाद ओपीडी कक्ष में मरीजों की भीड़ अधिक नहीं होगी। यहां मरीज अपने नंबर का इंतजार आसानी से कर सकेंगे।
गोहाना के नागरिक अस्पताल में ओपीडी के लिए चार कक्ष बने थे। इससे महिला रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विभाग व मेडिसिन के चिकित्सक बैठते थे। अब नागरिक अस्पताल में ओपीडी का दायरा बढ़ाते हुए नेत्र रोग विभाग, मेडिसिन वार्ड, बाल रोग विशेषज्ञ व अन्य ओपीडी को अलग जगह पर शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। इसी के चलते नेत्र रोग विभाग को लेबर रूम के सामने शिफ्ट कर दिया है। चिकित्सकों के अन्य कक्षों को भी तैयार किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल में रोजाना 800 मरीजों से अधिक की ओपीडी रहती है। मरीजों की सुविधा के लिए चिकित्सक के लिए अलग-अलग कक्ष की व्यवस्था की जा रही है, ताकि मरीजों व चिकित्सकों को सुविधा हो सके। नेत्र रोग विभाग को लेबर रूम के बाहर शिफ्ट कर दिया गया है।
- डाॅ. संजय छिक्कारा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, गोहाना