गोहाना। बिजली निगम के अधिकारियों ने उपभोक्ता को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। यह मास्टर प्लान वर्ष 2040 के लिए तैयार किया गया है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 42 नए सब स्टेशन तैयार किए जाएंगे, जिसके बाद बिजली आपूर्ति को बेहतर किया जा सकेगा। अधिकारियों ने सब स्टेशन तैयार करने का मास्टर प्लान बनाकर मुख्यालय भेज दिया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए विभिन्न गांवों में 33 केवी क्षमता के 16 सब-स्टेशन तैयार किए गए हैं। निगम अधिकारियों ने किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार घरेलू कनेक्शनों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। नए कनेक्शनों की संख्या बढ़ने से निगम के सब-स्टेशनों पर लोड बढ़ता रहता है। इससे निगम के सब स्टेशन ओवरलोड हो जाते हैं। सब स्टेशन ओवरलोड होने से उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं मिल पाती, जिसे देखते हुए निगम अधिकारियों ने क्षेत्र की 20 वर्षों की बिजली की मांग को पूरा करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके अंतर्गत उपमंडल में 42 नए सब स्टेशन तैयार किए जाएंगे। सब स्टेशन तैयार होने से उपभोक्ताओं को बिजली की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
लोड नियंत्रण करने के लिए बनाए जा रहे हैं नए सब-स्टेशन
हर साल उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने से सब-स्टेशनों पर लोड बढ़ रहा है, जिसके चलते ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ रहा है और सब स्टेशन भी ओवरलोड हो रहे हैं। अब गांव में बिजली सप्लाई की व्यवस्था लोड के आधार पर करने के साथ ही सब-स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए उपमंडल में 42 नए सब स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इसके लिए प्रपोजल तैयार कर मुख्यालय भेज दिया है। मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद सब स्टेशनों को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
राज सिंह, कार्यकारी अधिकारी, बिजली निगम, गोहाना