सोनीपत। सेक्टर-15 में सोमवार सुबह विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने नगर निगम की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। विधायक ने बताया कि वार्ड नं. 4 के सेक्टर-15 और सेक्टर-12 के जिन पार्कों में ओपन जिम नहीं है वहां पर लगाए जाएंगे। साथ ही खेल के उपकरण और झूले भी लगाएं जाएंगे। 34 पार्कों पर 1.91 करोड़ खर्च किए जाएंगे।
वार्ड नं. 12 के आठ मरला और मॉडल टाउन में लाल बहादुर शास्त्री पार्क, एकता पार्क, फ्रेंड्स पार्क, जैश पार्क में ओपन जिम की यूनिट, बच्चों के खेलने के लिए झूले और अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। इन कार्यों को 1.29 करोड़ रुपये से पूरा किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट मिशन के तहत सभी पार्कों के जीर्णोद्धार का काम किया जा रहा है ताकि इनमें युवा बच्चे, बड़े बुजुर्ग, पार्क में अपना समय व्यतीत करें और फिट रहे।
मेयर ने बताया कि वार्ड नंबर 19 के गढ़ी ब्राह्मणान क्षेत्र में पार्क की सुविधा नहीं थी। लोगों की इसी समस्या को देखते हुए गढ़ी ब्राह्मणान गांव की फिरनी पर जोहड़ के पास 43 लाख रुपये से पार्क विकसित किया जा रहा है। इस पार्क में ओपन जिम, बच्चों के लिए झूले, वॉकिंग ट्रैक और अन्य सभी सुविधाएं लोगों को प्रदान की जाएगी।
इस कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। जल्द ही इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। बहालगढ़ रोड पर शहीद मदनलाल ढींगरा सामुदायिक केंद्र में प्रथम तल पर 40 लाख रुपये से हॉल और शौचालय का निर्माण नगर निगम की तरफ से करवाया जा रहा है।
इस मौके पर निगम पार्षद बबीता कौशिक, लक्ष्मीनारायण तनेजा, मुनीराम ठोलेदार, बिजेंद्र मलिक, त्रिभुवन कौशिक, मोहन टुटेजा, राकेश चोपड़ा, मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा,सरदार मनजीत सिंह भी मौजूद रहे।