फोटो 03- सोनीपत के गांव खानपुर कलां के बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में बंद पडी लिफ्ट। संवाद
गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुविधा के लिए लगाई गई 16 लिफ्ट में से महज आठ ही चालू हालत में है। इनमें से भी दो लिफ्ट स्टाफ के लिए रिजर्व की गई हैं। ऐसे में मरीजों को केवल छह लिफ्टों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज का भवन छह मंजिला है। मरीजों की सुविधा के लिए सरकार ने 16 लिफ्ट मुहैया कराई हैं। इन लिफ्टों में से आठ लिफ्ट ही चालू हैं। लिफ्ट खराब होने की वजह से मरीजों को एक से दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढि़यों या रैंप पर निर्भर रहना पड़ता है।
लिफ्ट खराब रहने से मरीजों को वार्डों में ले जाने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीज एक से दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढि़यों के ही चक्कर लगाते रहते हैं। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी धरातल व दूसरी मंजिल पर है। मरीजों के लिए दो लिफ्ट बनाई गई हैं, लेकिन इन लिफ्टों में से एक खराब रहती है। ऐसे में मरीजों को काफी परेशानी होती है।