सोनीपत। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान (पॉलिटेक्निक) में डिप्लोमा इंजीनियरिंग में आवेदन के लिए अंतिम तिथि 30 जून रहेगी। इसके अलावा लेटरल एंट्री स्कीम के तहत तीन साल के डिप्लोमा इंजीनियरिंग के सीधे दूसरे साल में ऑनलाइन आवेदन करने के लिए 20 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। संस्थान में नए शैक्षणिक सत्र के लिए 8 कोर्स में 630 सीटें तय की गई हैं। इन्हीं सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
संस्थान के प्रधानाचार्य प्रवेश सांगवान ने बताया कि पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा करने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि विद्यार्थी शीघ्र ही नौकरी प्राप्त कर अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। गत वर्षाें में 90 से अधिक कंपनियों ने संस्थान को प्लेसमेंट के लिए संपर्क किया। इसमें संस्थान के 95.90 फीसदी से अधिक विद्यार्थियों का अच्छे वार्षिक पैकेज पर सीधा कंपनियों में चयन हुआ। दाखिला शाखा प्रभारी राजीव वर्मा ने बताया कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए अब तक 500 आवेदन व लेटरल एंट्री स्कीम में दाखिले के लिए 170 आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं। आवेदन के साथ फार्म के सत्यापन का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। डिप्लोमा इंजीनियरिंग के करीब 200 फार्म को सत्यापित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग की मेरिट लिस्ट 8 जुलाई व डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री की 27 जून को मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
किस विषय में कितनी सीटें
विषय सीट
आई एंड सी इंजीनियरिंग - 60
इलेक्ट्रोनिक्स इंजीनियरिंग - 60
केमिकल इंजीनियरिंग - 60
कंप्यूटर इंजीनियरिंग - 90
मैकेनिकल इंजीनियरिंग - 120
ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग - 120
फाइनेंस अकाउंट एंड ऑडिटिंग - 60
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग - 60
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
प्रधानाचार्य प्रवेश सांगवान ने बताया कि आवेदन के लिए आवेदनकर्ता के पास कक्षा 10वीं का प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र, लेटरल एंट्री के तहत दाखिले के लिए 10वीं के प्रमाणपत्र के साथ कक्षा 12वीं में पीसीएम, एनएसक्यूएफ लेवल-4, दो साल का आईटीआई कोर्स जो भी लागू होता है, उसके प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र (स्कूल जहां से कक्षा 10वीं पास की), आधार कार्ड जरूरी है। इसके अलावा आय प्रमाणपत्र (वित्त वर्ष 2025 का बना हुआ), बैंक खाते की काॅपी, पासपोर्ट साइज फोटो, अभ्यर्थी के माता-पिता का मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के लिए गैर वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क 1000 रुपये रहेगा, अन्य वर्ग व महिलाओं के लिए 700 रुपये रहेगा।