सोनीपत। नगर निगम के निवर्तमान मेयर राजीव जैन ने वीरवार को मुरथल रोड पर चल रहे कुत्तों के बधिया और टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। नई एजेंसी के कार्य की जानकारी ली। केंद्र का संचालन कर रही स्नेह एनिमल वेलफेयर सोसाइटी का काम देख रहे डॉ. अभिषेक से व्यवस्था के बारे में जानकारी दी।
डॉ. अभिषेक ने बताया कि काम संभालने के बाद टीम ने एक हजार से ज्यादा कुत्तों का बधियाकरण किया है। लगभग डेढ़ हजार कुत्तों का टीकाकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के साथ मिलकर टीकाकरण के कैंप भी आयोजित किए गए हैं।
विज्ञापन
इसके अलावा निवर्तमान मेयर ने गांव लहराड़ा में कश्यप चौपाल में पुस्तकालय के निर्माण में घटिया ईंटों के प्रयोग की शिकायत पर ठेकेदार को नई ईंट लगाने व काम की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने गांव लिवान में चल रहे गलियों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने इस दौरान राई गांव में जाने वाली सड़क पर दूषित पानी जमा होने की तथा सफाई व्यवस्था ठीक न होने की शिकायत की। जैन ने इसको लेकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।