गन्नौर। चिरस्मी रोड पर डीआईटीएम कॉलेज के पास देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत घायलों को गन्नौर के उपमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
हादसे में मूलरूप से गन्नौर के गांव बजाना खुर्द के सतीश (40) की सड़क हादसे में मौत हो गई है। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार गांव चिरस्मी निवासी दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चिरस्मी रोड पर आबादी वाले क्षेत्रों में गति नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर या अन्य उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।