सोनीपत। सावन के दूसरे सोमवार को जिलेभर के प्रमुख मंदिरों सहित शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने बोल बम व हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
शिवालयों में भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर देवाधिदेव का जलाभिषेक किया। शहर के प्रमुख ककरोई चौक स्थित शंभू दयाल मंदिर, मॉडल टाउन स्थित गीता भवन मंदिर, नवदुर्गा माता मंदिर, सुनारों वाली गली स्थित चिटाने वाली माता मंदिर, जटवाड़ा स्थित शिव मंदिर, सेक्टर-23 स्थित शिव मंदिर, कामी रोड स्थित बाबा धाम मंदिर, काली माता मंदिर, मुरथल रोड स्थित शिव मंदिर, राई स्थित शिव मंदिर, गांव सेवली स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर दूध, धतूरा, बिल्व पत्र, फल-फूल अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुखी जीवन की मंगल कामना की। श्रद्धालुओं के लिए मंदिरों के कपाट प्रात: 4 बजे ही खोल दिए गए। कई मंदिरों में महिला मंडलियों ने मिलकर भजन-कीर्तन किया, जिससे शिवालय भजनों से गूंज उठे।
पूर्ण मनोरथ के लिए किया रूद्राभिषेक
मोहन नगर स्थित श्री बगलामुखी विष्णेश्वर महादेव मंदिर में पुजारी पंडित रामकृष्ण पाठक व कैलाश कॉलोनी के ओम शिव धाम मंदिर में पंडित जितेंद्र शास्त्री ने भगवान का रूद्राभिषेक करवाया। उन्होंने बताया कि सावन में भगवान शिव की पूजा करने से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। साथ ही रूद्राभिषेक करने से बहुफल की प्राप्ति होती है। शिवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। शिवरात्रि पर मंदिर में शिव परिवार का भव्य श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।
शिवपुराण कथा का शुभारंभ
नंदवानी नगर स्थित शिव शक्ति धाम में रूद्राभिषेक कर एक माह के लिए शिवपुराण कथा का शुभारंभ किया गया। महामंडलेश्वर अंजनी देवा महाराज ने बताया कि सावन, शिव व शिवपुराण तीनों ही कल्याण करने वाले हैं। सावन माह में शिवपुराण कथा की बड़ी महिमा है। अगर सावन माह में शिव शब्द का उच्चारण किया जाए तो शिवलोक की प्राप्ति होती है।