सोनीपत। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश व भूस्खलन के चलते लगातार चौथे दिन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। बारिश के कारण पंजाब व जम्मू में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों व भूस्खलन के कारण उत्तर रेल मंडल की ओर से लंबी दूरी पर चलने वाली कुल 54 एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन को रद्द किया है। वहीं कई एक्सप्रेस ट्रेनों का बीच मार्ग के रेलवे स्टेशनों तक परिचालन किया जा रहा है।
बारिश के चलते दिल्ली-अंबाला रूट की ट्रेनों के परिचालन भी असर पड़ रहा है। चौथे दिन रविवार को सोनीपत स्टेशन से होकर गुजरने वाली 9 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं। इनमें ट्रेन संख्या 03309 व 03310 जम्मूतवी स्पेशल एक्सप्रेस, 11077 व 11078 झेलम एक्सप्रेस, 20433 व 20434 जम्मू मेल एक्सप्रेस, 12919 व 12920 मालवा एक्सप्रेस, 18101 टाटा नगर एक्सप्रेस सहित दिल्ली-पानीपत रूट पर चलने वाली 64001 व 64002 सवारी गाड़ी रद्द रही।
18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस का अमृतसर तक व 18102 टाटा नगर एक्सप्रेस का अमृतसर से परिचालन किया गया। ऐसे में सोनीपत स्टेशन से यात्री अब अक्तूबर व नवंबर माह के लिए ही लंबी दूरी का टिकट करवा रहे हैं। पहले बुक कराई गई टिकटों का रद्द करवाने का औसतन करीब 35 यात्री रहा है। टिकट रद्द करवाने का मुख्य कारण बारिश के चलते ट्रेनों का रद्द होना सामने आ रहा है। इस कारण यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ये ट्रेनें रही लेट
इनके अलावा ट्रेन संख्या 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस 2:42 घंटे, 12312 नेताजी एक्सप्रेस 1:43 घंटे, 64464 सवारी गाड़ी 1 घंटा, 64465 सवारी गाड़ी 1:12 घंटे, 12311 नेताजी एक्सप्रेस 1:38 घंटे की देरी से सोनीपत पहुंची। ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने से दैनिक यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनके यात्रा खर्च दोगुना हो रहा है।
आज ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
-11077 व 11078 झेलम एक्सप्रेस
-20433 व 20434 जम्मू मेल एक्सप्रेस
-12919 व 12920 मालवा एक्सप्रेस
-18102 टाटा नगर एक्सप्रेस
-18309 जम्मूतवी एक्सप्रेस
यात्रियों की सुरक्षा के मध्यनजर सोमवार को भी कई ट्रेनों का परिचालन रद्द किया गया है। लगातार हो रही बारिश व भूस्खलन के कारण फिलहाल ट्रैक पर हालात सामान्य नहीं हैं। ऐसे में रेल सेवाओं को फिलहाल सीमित किया गया है। ट्रैक दुरुस्त व मौसम में सुधार होते ही ट्रेनों का परिचालन बहाल कर दिया जाएगा।
-हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।