गोहाना। नगर परिषद की ओर से नियमित करने के लिए मुख्यालय भेजी गई आठ कॉलोनियों की फाइल पर ऑब्जेक्शन लगा दिया गया है। इसके बाद नगर परिषद ने ऑब्जेक्शन पर काम करना शुरू कर दिया है। नप दोबारा से इन कॉलोनियों की फाइल तैयार कर मुख्यालय भेजेगी।
गोहाना नगर परिषद ने करीब 17 कॉलोनियों की फाइल तैयार कर नियमित करवाने के लिए मुख्यालय भेजी थी। मुख्यालय की ओर से पांच कॉलोनियों को तो नियमित कर दिया गया है। इन कॉलोनियों में विकास कार्य भी शुरू करवा दिए गए हैं, जबकि बनभौरी माता कॉलोनी, गोवर्धन कॉलोनी, एकता कॉलोनी, देवीपुरा कॉलोनी एक्सटेंशन, आदर्श नगर, विष्णु नगर एक्सटेंशन, आदर्श नगर व रामनगर कॉलोनी पर 2041 की विकास योजना (डेवलपमेंट प्लान) के तहत ऑब्जेक्शन लगा दिया गया है। साथ ही 2041 की विकास योजना के तहत सर्वे करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद ने कॉलोनियों को नियमित करवाने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है। कार्य पूरा होने के बाद कॉलोनियों की दोबारा फाइल तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
इन कॉलोनियों को किया नियमित
गोहाना की कुल 17 कॉलोनियों में से पांच को नियमित किया गया है। इनमें मीनाक्षी कॉलोनी, आर्य नगर एक्सटेंशन, श्रीराम शरणम, गोवर्धन व ज्योतिबा फुले कॉलोनी को नियमित का दर्जा मिल चुका है। इन कॉलोनियों में जलापूर्ति विभाग की ओर से विकास कार्य शुरू कर दिए गए हैं। इसके अलावा यहां की गलियों में नई पेयजल पाइप लाइन दबाई जा रही है, ताकि लोगों को घर-घर पेयजल उपलब्ध करवाया जा सके।
वर्जन
गोहाना की आठ कॉलोनियों पर 2041 की विकास योजना (डेवलपमेंट प्लान) के तहत सर्वे नहीं होने का ऑब्जेक्शन लगाया गया है। इसके लिए नगर परिषद ने सर्वे का कार्य शुरू करवा दिया है। जल्द ही इन कॉलोनियों की फाइल तैयार कर दोबारा मुख्यालय भेजी जाएगी।
- निशा शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, गोहाना