हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह में इतना बड़ा बवाल एक दिन में नहीं हो सकता। इसके लिए लोगों और हथियारों को इकट्ठा कर योजना बनाई और गोलियां चलाई गई हैं। इस मामले की पूरी जांच होगी। नूंह में ऐसा खेल खेलने वालों को बेनकाब किया जाएगा।
गृहमंत्री ने कहा कि हिंसा को देखते हुए धारा 144 अन्य जिलों में लगाई गई है। वहां डीसी को अधिकृत किया है कि स्थिति यदि बिगड़ती है तो कर्फ्यू लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एक और व्यक्ति की मृत्यु की जानकारी भी मिली है।
इंटरनेट सेवा बंद
गृहमंत्री ने कहा कि नूंह हिंसा के बाद से इंटरनेट सेवा अभी बंद है। स्थिति का आकलन करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। विज ने कहा कि हमने मोनू मानेसर का वीडियो देखा है। वह कहीं पर दंगा करने का नहीं बल्कि लोगों को यात्रा में पहुंचने का आह्वान कर रहा है। उस वीडियो को स्टडी किया जा रहा है। विज ने कहा कि नूंह में जो यात्रा निकाली गई थी, वह यात्रा हर साल निकलती थी। जितनी पुलिस फोर्स पिछली यात्रा में थी, उतनी ही इस बार लगाई गई थी।
रेवाड़ी में स्थिति नियंत्रण में
रेवाड़ी में आगजनी की घटना पर विज ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली थी कि इस मामले में पुलिस कमिश्नर को कहा गया था। इसके बाद अब स्थिति नियंत्रण में है। वहीं बीएसपी की तरफ से अलग-अलग शहरों में प्रदर्शन के आह्वान पर मंत्री ने कहा कि सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, मगर वह शांतिपूर्वक होना चाहिए।