सोनीपत। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने निशुल्क आधार कार्ड अपडेशन करने की तिथि बढ़ाकर 14 मार्च कर दी है। उपायुक्त डाॅ. मनोज कुमार ने लोगों से आह्वान किया है कि वह अपने 8 से 10 साल पहले बने आधार कार्ड यूआईडीएआई के पोर्टल पर निशुल्क अपडेट करवा सकते हैं। आधार कार्ड को ऑनलाइन अपडेट कराने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। जिन्होंने आधार कार्ड अपडेट नहीं कराया है, उन्हें अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए रिहायशी प्रमाणपत्र और स्वयं का पहचान पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आधार कार्ड धारक माई आधार पोर्टल से आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, वहीं माई आधार एप में जहां पहचान पत्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी है और पते का प्रमाण भी उपलब्ध है।