रेवाड़ी। अक्तूबर में राशन लेने वाले जिले के लाभार्थियों के लिए हरियाणा सरकार ने वितरण का पैमाना बदल दिया है। इस बार बाजरे की जगह पूरा गेहूं वितरित किया जाएगा। संशोधित आदेश के अनुसार अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के प्रत्येक राशन कार्ड पर 35 किलो गेहूं और बीपीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच किलो गेहूं मिलेगा।
पहले अक्तूबर के लिए एएवाई कार्ड पर 23 किलो गेहूं और 12 किलो बाजरा तथा बीपीएल सदस्य को चार किलो गेहूं और एक किलो बाजरा देने का पैमाना तय था। रेवाड़ी में 181 राशन डिपो हैं। इनमें 1,28,627 राशन कार्डधारक और उनके परिवारों के कुल 4,65,232 सदस्य पंजीकृत हैं। आदेश के अनुसार बाजरे के स्थान पर अक्तूबर में गेहूं का वितरण सितंबर 2026 के शेष गेहूं भंडार से किया जाएगा।
खास बात यह है कि जिन लाभार्थियों ने पुराने पैमाने के अनुसार अक्तूबर का राशन पहले ही ले लिया है, उन्हें भी संशोधित पैमाने के अनुसार बचा हुआ गेहूं देना होगा। ऐसे अंत्योदय कार्डधारकों को 12 किलो और बीपीएल सदस्यों को एक किलो अतिरिक्त गेहूं मिलेगा। एएफएसओ एसपी मेहता ने बताया कि अक्तूबर के लिए बाजरे की जगह गेहूं वितरण का संशोधित आदेश जारी हुआ है। अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो और बीपीएल सदस्य को पांच किलो गेहूं मिलेगा।
पुराने पैमाने पर राशन ले चुके लाभार्थियों को भी अतिरिक्त गेहूं दिया जाएगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सभी राशन डिपो पर संशोधित पैमाने के अनुसार वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को राशन के साथ एक किलो चीनी देने का प्रावधान है, जबकि दो लीटर तेल दिए जाने की व्यवस्था भी रही है।