गन्नौर। शहर में जलभराव की समस्या और नालियों के अवरुद्ध होने पर नगरपालिका ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अवैध रूप से घरेलू और शौचालय का पानी नगरपालिका नालों व नालियों में छोड़े जाने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है। जनस्वास्थ्य विभाग से सीवर कनेक्शन न होने के कारण नालियां जाम हो रही है। बारिश में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस समस्या को देखते हुए नगरपालिका ने मकान मालिकों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के आदेशों का उल्लंघन करने वालों को भी चेतावनी दी जा रही है। नपा प्रशासन अब तक 30 मकान मालिकों को नोटिस जारी कर चुका है। इसमें लोगों से जनस्वास्थ्य विभाग से अपने घरों के पानी की निकासी के लिए सीवर के कनेक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मकान मालिक सीवर कनेक्शन नहीं लेंगे तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में नागरिकों को सीवर कनेक्शन लेने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
जलभराव रोकने के लिए नगरपालिका सख्ती बरत रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। यदि समय रहते लोग सीवर कनेक्शन नहीं लेते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। -नितिन वत्स, सचिव, नगरपालिका गन्नौर।