सोनीपत। हवा फिर जहरीली होने लगी है। सोमवार को दोपहर के समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 306 दर्ज किया गया जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, शाम को यह 284 पर आ गया। एक दिन पहले भी यह स्तर 284 था। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप-2) लागू होने के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण में नहीं आ रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पांच दुकानदारों के पॉलिथीन के चालान भी काटे हैं।
हवा में मौजूद सूक्ष्म धूल कण (पीएम 2.5 और पीएम 10) लगातार बढ़ रहे हैं जिससे सुबह और शाम के समय लोगों को सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही है। अस्पतालों में अस्थमा और आंखों में जलन की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की गति धीमी होने और वाहनों के धुएं व कूड़ा जलने के कारण प्रदूषण का स्तर लगातार ऊपर जा रहा है। हवा की गति कम होने से धूल और धुआं जमीन के नजदीक ही ठहर जा रहा है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ डॉ. योगेश ने नागरिकों को सलाह दी है कि सुबह-शाम सैर पर न निकलें। विशेषकर बुजुर्ग, बच्चे और सांस के मरीज धूप निकलने से पहले बाहर न जाएं। घर से बाहर निकलते समय एन-95 मास्क का प्रयोग करें। ज्यादा देर तक खुले में रहने से बचें।
पांच दुकानदारों पर चला जुर्माने का डंडा
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सब्जी मंडी रोड पर छापा डालकर पॉलिथीन इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के चालान किए। जेई अमित कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच दुकानदारों पर 1500-1500 रुपये का जुर्माना लगाया। इनमें से चार दुकानदारों ने मौके पर ही जुर्माना भर दिया, जबकि एक ने भुगतान नहीं किया। कार्रवाई के दौरान दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन सामग्री जब्त की गई। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा पॉलिथीन इस्तेमाल करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए उठाए जा रहे कदम
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी निर्मल कश्यप ने बताया कि नगर निगम से मिलकर शहर में सडक़ों पर पानी का छिडक़ाव, निर्माण स्थलों की निगरानी और खुले में कूड़ा जलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
फोटो :32: सोनीपत की मंडी में पॉलिथीन के चालान करती प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम। स्रोत विभाग