सोनीपत। हरियाणा राज्य किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोनीपत के 11 खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। पदक जीतकर लौटे नौ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। यह प्रतियोगिता 3 से 5 मई तक फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित खेल स्टेडियम में आयोजित की गई थी। इसमें लगभग 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
प्रतियोगिता के दौरान सब जूनियर वर्ग में प्रियांशु ने 67 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता और 22 से 25 मई तक महाराष्ट्र के पूना में होने वाली राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जगह बनाई। जूनियर वर्ग के 63 किलो में भूपेश खरब व 81 किलो में कृष आंतिल ने स्वर्ण पदक जीता और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में 19 से 23 जून तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई।
सीनियर वर्ग के 94 किलो भार वर्ग में रामप्रकाश ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं लड़कियों में 50 किलो भार वर्ग में अनु ने रजत, 60 किलो वर्ग में खुशबू ने रजत, 65 किलो भार में पिंकी ने स्वर्ण और संगीता सांदल ने 75 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। पांच खिलाड़ियों का चयन गोवा में 10 से 14 जुलाई को होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। सब जूनियर वर्ग में 47 किलो में नितिन ने कांस्य पदक जीता। साथ ही कोच सुधीर ने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।