सोनीपत। जनता के सहारे ही सांसद व विधायक बनने वालों ने जहां उनके लिए ही अपने घरों के रास्ते बंद करा दिए हैं। वहीं अब सेक्टरों की पूरी स्थिति देखने के बाद सामने आया है कि सेक्टरों में 50 से ज्यादा अवैध रूप से गेट लगाए गए हैं। सेक्टर 14, 15, 12, 23 में अवैध रूप से गेट लगाकर रास्ते रोक दिए गए हैं और उससे लोगों को काफी दूर का चक्कर काटकर अपने घरों में जाना पड़ता है। यहां तक कि उनके यहां आने वाले भी काफी दूर से घूमकर जाते हैं। वहीं भाजपा सांसद व विधायक, कांग्रेस विधायक व वाइस चेयरमैन के यहां गेट लगाकर बंद करने से निगम के अफसर उनको खुलवाने में लाचार दिख रहे हैं और एक दिन पहले ही गेट खुलवाने का दम भरने वाले निगम अधिकारी हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। इस तरह से निगम अधिकारियों की हालत देखकर जनता भी भगवान भरोसे दिख रही है।
सेक्टरों में जितनी भी सड़कें नेताओं के घरों की तरफ जाती हैं, उन पर अवैध रूप से गेट लगा दिए गए हैं। सेक्टरों में रहने वाले कुछ दबंग लोगों ने भी अपने घरों की तरफ जाने वाले रास्ते पर खुद ही गेट लगा डाले हैं। इस बारे में पूरी छानबीन करने पर सामने आया कि सेक्टर 14, 15, 12, 23 में 50 से ज्यादा गेट अवैध रूप से लगाए गए हैं। जबकि नियम के अनुसार किसी भी रास्ते में गेट लगाना होगा तो उसके लिए रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के पास एक प्रार्थना पत्र दिया जाएगा और उसका एक प्रस्ताव एसोसिएशन से अधिकारियों को दिया जाएगा। उसके आधार पर गेट लगाने की मंजूरी मिलती है। वह गेट भी इस शर्त पर लगाया जा सकता है कि उसे सुबह पांच बजे से रात दस बजे तक खोलकर रखना होगा और उसे बंद रखा जाएगा तो उस पर चौकीदार दिनभर बैठाना होगा। लेकिन नेताओं के साथ ही दबंगों के घरों की तरफ जाने वाली सभी गलियों पर अवैध रूप से गेट लगवा दिए गए हैं और जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
निगम के अफसर खुलवाने में दिख रहे लाचार
सेक्टर 14 में भाजपा सांसद रमेश कौशिक, हरियाणा सार्वजनिक ब्यूरो के वाइस चेयरमैन ललित बत्रा के आवास एक ही गली में है और इस गली के दोनों ओर गेट लगवाकर बंद कर दिए गए हैं। सेक्टर 15 में शहर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार का आवास है, जहां के सबसे बुरे हालात हैं। कांग्रेस विधायक के आवास की तरफ आने वाले तीन रास्तों पर गेट लगाकर पूरी तरह से बंद किए गए हैं तो एक गेट पर गार्ड बैठाया गया है। सेक्टर 15 में भाजपा विधायक मोहन लाल बड़ौली के आवास की तरफ जाने वाले रास्ते का गेट भी बंद कर दिया गया है। पूर्व मंत्री कविता जैन के आवास की तरफ जाने वाले रास्ते का गेट भी लोगों ने बंद कर दिया। इन नेताओं के अवैध रूप से गेट लगवाने के कारण निगम के अधिकारी लाचार दिख रहे हैं और इनके खिलाफ कार्रवाई करने या गेट तक खुलवाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में हालात ज्यादा बदतर होते दिख रहे हैं कि जब अधिकारी ही कुछ नहीं करेंगे तो जनता आखिर क्या कर सकती है।
किसी के बीमार व हादसा होने पर भुगतना पड़ सकता है बड़ा खामियाजा
सेक्टरों में केवल नेताओं के घरों की तरफ जाने वाले रास्तों पर ही गेट लगाकर उनको बंद नहीं किया गया है, बल्कि सेक्टरों में ऐसे 50 से ज्यादा गेट लगा दिए गए हैं। इनके कारण लोगों को अपने घरों में जाने के लिए काफी दूर से घूमकर आना पड़ता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर कोई अचानक बीमार हो जाता है या किसी के साथ कोई हादसा हो जाता है तो उनको सीधे जाने की जगह अन्य रास्तों से घूमकर बाहर जाना पड़ेगा। जिससे दोगुना समय लगता है और इस तरह से बड़ा हादसा तक हो सकता है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं।
मैं खुद चाहता हूं कि सेक्टर में जितने अवैध रूप से गेट लगाकर बंद किए गए हैं, उनको खुलवाया जाए। मैं कई बार कह चुका हूं कि गेट को सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खोला जाए। उसके बावजूद कुछ नहीं हो रहा है और अधिकारी भी सुनने को तैयार नहीं हैं। हर कोई अपनी मनमानी कर रहा है, जिसमें कार्रवाई होनी जरूरी है।
- केएस सांगवान, प्रधान रेजीडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन सेक्टर 15
सेक्टरों में गेट लगवाना पूरी तरह से गलत है और यह मामला मेरी जानकारी में आया था। जिनको खुलवाने के लिए कह दिया गया था। उसके बाद भी गेट नहीं खुलवाए गए हैं तो निगम की टीम भेजकर उनको खुलवाया जाएगा। गेट बंद नहीं रहने दिए जाएंगे, जिससे आम लोगों की परेशानी को दूर किया जा सके।
-जगदीश शर्मा, कमिश्नर नगर निगम।