खरखौदा। केएमपी पर पिपली टोल से आगे बीच सड़क खड़े ट्रक में टकराने से बोलेरो सवार नवविवाहिता की मौत हो गई जबकि उसके पति समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी खरखौदा में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कार सेयरिंग एप के माध्यम से यात्रा करने वाले कुछ लोगों ने गुरुग्राम से चंडीगढ़ के लिए बोलेरो गाड़ी बुक की। गाड़ी में पानीपत के गांव सिवाह निवासी रवींद्र कुमार, उसकी पत्नी मानवी, चंडीगढ़ निवासी अशोक, होशियारपुर पंजाब निवासी सुधांशु सवार हुए थे। बोलेरो को यूपी के कन्नौज का बृजेश चला रहा था। जब वह केएमपी पर पिपली टोल से कुछ आगे पहुंचे तो खड़े ट्रक से बोलेरो गाड़ी टकरा गई। सभी घायलों को खरखौदा सीएचसी में लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मानवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
चार माह पहले हुई थी शादी, तीन माह की थी गर्भवती
मानवी की शादी चार माह पहले ही हुई थी और वह तीन माह की गर्भवती भी थी। रवींद्र के साथ मानवी कई वर्षों से काल सेंटर में गुरुग्राम नौकरी करती आ रही थी, जिसके बाद उन्होंने चार माह पहले ही शादी की थी। सड़क हादसे ने मानवी को रवींद्र से अलग कर दिया। मानवी को यात्रा के दौरान उल्टी लगने लगती थी। जिसके चलते ही रवींद्र ने मानवी को गाड़ी में अगली सीट पर बैठाया था।