निर्दयता : दो दिन की नवजात कन्या को झाड़ियों में फेंका
-पुलिस ने मासूम को बरामद कर अस्पताल में कराया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
नरेला/सोनीपत। नरेला थाना क्षेत्र में किसी निर्दयी मां ने दो दिन की कन्या शिशु को झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस नेे नवजात को बरामद करने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस नवजात बच्ची की परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार देर रात नरेला पुलिस को सूचना मिली थी कि नरेला-सिंघू बॉर्डर रोड पर एमसीडी नर्सरी के पास कोई दो-तीन दिन की कन्या शिशु को छोड़कर फरार हो गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिशु को उठाया और इलाज के लिए उसे सत्यवादी राजा हरीश्चंद्र अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती करवा दिया। जहां उपचार के बाद उसे नर्सरी में भेज दिया गया।
मामले के जांच अधिकारी अलीपुर थाने में तैनात एसआई जितेंद्र ने बताया कि बच्ची को फ्रॉक, लोअर तथा स्वेटर पहनाया गया था। सुनसान स्थान में होने के बावजूद मासूम को किसी तरह की चोट नहीं लग पाई। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 317 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक बच्ची की स्वास्थ्य जांच तथा डॉक्टरों की अनुमति के बाद सीडब्ल्यूसी के पास भिजवा दिया जाएगा।
बच्ची को गोद लेने का इच्छुक जोड़ा पहुंचा अस्पताल
उधर नरेला में एक कन्या शिशु मिलने की सूचना मिलते ही एक एनजीओ, सरकारी विभाग डीसीए तथा सीडब्ल्यूसी के कर्मचारियों के अलावा बच्ची को गोद लेने का इच्छुक एक जोड़ा भी अस्पताल में पहुंच गया। कन्या शिशु को गोद लेने के इच्छुक उत्तम नगर निवासी संतोष तथा प्रीति ने बताया कि उनकी शादी को 11 साल हो चुके हैं, लेकिन कोई बच्चा नहीं है। वह इस बच्ची को गोद लेना चाहते हैं।