गन्नौर के गांधी में युवक की हत्या के बाद विलाप करतीं मृतक की मां रामवती व परिजन।
गन्नौर। खेड़ी रोड स्थित गांधी नगर में मोबाइल सिम को लेकर हुए झगड़े में पड़ोसी ने एक युवक पर उनके घर में घुसकर चाकू से ताबड़ तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद एसीपी गन्नौर गोरखपाल राणा व गन्नौर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खेड़ी रोड गांधी नगर निवासी रोहित (23) ने अपने पहचान पत्र पर मोबाइल का सिम ले रखा था। इसका प्रयोग रोहित का भतीजा करता था। कुछ दिन पहले पड़ोसी मोनू ने रोहित के भतीजे से सिम कार्ड ले लिया था। भतीजे ने इस बारे में अपने चाचा रोहित को बता दिया। शुक्रवार सुबह रोहित ने मोनू के मोबाइल पर कॉल कर उनका सिम कार्ड वापस देने को कहा, लेकिन मोनू ने मना करते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि मोनू ने फोन पर ही जान से मारने की धमकी दी। इस वजह से दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद मोनू तैश में आकर चाकू लेकर रोहित के घर पहुंच गया। मोनू ने रोहित की मां रामवती को घर से बाहर निकाल दिया और रोहित पर चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी भाग गया। परिजन रोहित को इलाज के लिए गन्नौर उपमंडल अस्पताल ले कर गए। जहां चिकित्सकों ने उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही रोहित की मौत हो गई।
दो दोस्तों के साथ आया था मोनू
परिजनों ने बताया कि रोहित के साथ मोबाइल पर कहासुनी होने के बाद मोनू अपने दो साथियों सागर व अंकुश के साथ बाइक पर सवार होकर रोहित के घर पहुंचा था। वह पहले रोहित के घर में घुस कर वापस बाहर आया और फिर अपने साथियों से चाकू लेकर दोबारा घर के अंदर घुसा और रोहित पर चाकू से वार करने के बाद अपने साथियों सहित बाइक पर सवार होकर भाग गया।
युवक पर चाकू से हमला कर हत्या की जानकारी मिली थी। हमला करने के आरोपी मोनू पर गन्नौर थाना में पहले भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज है। वारदात को लेकर मृतक के परिजनों से जानकारी ली जा रही है। पड़ोस में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। परिजनों के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी मोनू व उसके साथी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गोरखपाल राणा, एसीपी, गन्नौर