सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 3 मई को होने वाली नीट यूजी-2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर सभी संबंधित अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों का समय रहते भौतिक निरीक्षण किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक केंद्र पर पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, बैठने की उचित व्यवस्था, सफाई व अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की और उन्होंने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
वीसी के बाद उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। साथ ही, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए पर्याप्त निगरानी रखी जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
शहर में बनाए गए हैं आठ परीक्षा केंद्र
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि नीट यूजी-2026 परीक्षा के लिए सोनीपत शहर में आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां 2,688 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।