गांव पहलादपुर किडौली की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी ने गांव के ही लोगों पर हमला कर बुरी तरह पीटने के साथ ही उसके पैर में चोट के मारने के आरोप लगाए हैं। खिलाड़ी के सिर में भी चोट मारी गई। साथ ही अंदरूनी अंगों पर भी चोट मारने का आरोप है। परिजनों ने खिलाड़ी को पीजीआई, रोहतक में उपचार दिलवाया। पुलिस ने चोटिल खिलाड़ी के बयान पर बिजेंद्र, राकेश, अशोक, आशीष और विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव पहलादपुर किडौली की साक्षी कबड्डी में प्रदेश स्तर पर कई पदक जीतने के साथ ही पिछले दिनों मणिपुर में हुई 47वीं जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में भी खेल चुकी है। साक्षी का आरोप है कि वह रविवार को गांव के खेल मैदान से अपने अन्य साथी खिलाड़ियों के साथ अभ्यास कर घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में गांव के ही एक परिवार के पांच लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और किसी नुकीले हथियार, कस्सी के बिट्टे व लाठियों से उस पर हमला कर दिया। साक्षी का आरोप है कि हमले में जहां उसके सिर व पैर में चोट आई, वहीं अन्य अंदरूनी अंगों पर भी चोट लगी है। उसका आरोप है कि हमलावरों ने उसे अगवा करने व जान से मारने की धमकी भी दी। हमला करने वालों में दो लोगों ने शराब भी पी रखी थी। साक्षी की मां अनीता का कहना है कि आरोपी पक्ष की लड़कियां भी खिलाड़ी हैं, लेकिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन नहीं होने की रंजिश में हमला किया गया। उन्होंने अपनी बेटी को सीएचसी खरखौदा में भर्ती कराया था। यहां से उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां से भी खिलाड़ी को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। यहां पर उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने इस संबंध में मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी से मिले परिजन, एसपी ने डीएसपी को जांच के लिए आदेश
मंगलवार को घायल खिलाड़ी के साथ उसके परिजन व कई ग्रामीण एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा से मिले और मामले में ठोस कार्रवाई की मांग रखी। इस पर एसपी ने डीएसपी डॉ. रवींद्र कुमार को बुधवार को गांव में जाकर जांच करने को कहा है। उनकी जांच में मामले की सच्चाई को उजागर किया जाएगा।
वर्जन
महिला खिलाड़ी के साथ मारपीट मामले में परिजन मिलने आए थे। इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। मामले की जांच डीएसपी को सौंपी गई है। वे गांव में जाकर पूरे मामले की जांच करेंगे। उनकी जांच में पूरे मामले की सच्चाई को सामने लाया जाएगा।
- जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।