संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। कथूरा निवासी नवीन को बिजली बिल ठीक कराने के लिए टोल फ्री नंबर पर फोन करना महंगा पड़ गया। बिल तो ठीक नहीं हुआ, लेकिन साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खाते से 32285 रुपये जरूर निकाल लिए। साइबर अपराधियों ने खाते से 25 हजार रुपये निकालने के साथ किसी दूसरे के के 7285 रुपये के बिजली बिल अदा कर दिए। नवीन ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत बरोदा थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवीन ने बताया कि वह किसान हैं। उन्होंने बिजली बिल की त्रुटि को ठीक कराने के लिए बिजली निगम के टोल फ्री नंबर पर कॉल की थी। कॉल रिसीव करने वाले उन्हें जल्द दोबारा कॉल करने की बात कही। 30 सितंबर, 2022 को उनके पास कॉल आई। कॉल पर बातचीत करने के बाद उनके बैंक खाते से 32285 रुपये निकाल लिए गए। पहली ट्रांजेक्शन 20 हजार रुपये, दूसरी 5000 रुपये की हुई। उसके बाद साइबर अपराधी ने 7285 रुपये के बिजली बिल अदा किए। नवीन ने बताया कि उसने अपने स्तर पर पता लगाया तो जानकारी मिली कि पंजाब के अमृतसर जिले में तीनों बिल अदा किए हैं। नवीन ने पुलिस से मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उनके रुपये वापस दिलाए जाएं। बरोदा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद्र का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कॉल करने वाले मोबाइल नंबर के साथ ही जिन लोगों के बिजली बिल जमा किए गए हैं उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।