संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों को पकड़ने की मांग को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचे लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने गोवंशों को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की मांग को लेकर नगराधीश डॉ. अनमोल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर निर्धारित समयावधि में सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा गोवंशों को पकड़कर गोशाला में नहीं भेजा गया तो वह खुद उनको पकड़कर नगर निगम कार्यालय में छोड़ेंगे।
बड़वासनिया ने कहा कि इस समय शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में बेसहारा गोवंश घूम रहे हैं। जिनके कारण दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। यही नहीं गोवंशों को चारा नहीं मिलने के कारण वह कचरे में मुंह मारते रहते हैं और पॉलिथीन तक खा जाते हैं। अधिकतर गोवंश कचरे के ढेर से ही अपना पेट भरते हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
बड़वासनिया ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार ने गोरक्षा आयोग बनाया है, लेकिन जमीनी स्तर पर गोवंशों के लिए कोई भी काम नहीं हो पा रहा। सभी काम सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गए हैं। उन्होंने सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंशों को पकड़ने के लिए जल्द अभियान शुरू करने की मांग की ताकि सड़क पर घटित होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। यही नहीं गोवंशों की दशा में भी सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो लघु सचिवालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए और गोवंश की दुर्गति रोकने के लिए कड़े निर्णय लिए जाएंगे। इस दौरान प्रदीप, अंकित, सुमित, राजकुमार, राहुल शर्मा, संदीप, जोगेंद्र, कर्मबीर, राजवीर, प्रिंस, धमेंद्र सहित अन्य शहरवासी मौजूद रहे।
लघु सचिवालय के गेट पर रोष जताते जिला पार्षद संजय बड़वासनिया व अन्य। संवाद