संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में निर्मित रेल कोच नवीनीकरण कारखाने में अब जल्द वंदे भारत ट्रेन का निर्माण शुरू होगा। कारखाने के उद्घाटन के बाद अब बजट में यहां वंदे भारत ट्रेन की बोगी बनाने की घोषणा की गई है। क्षेत्र में 161 एकड़ भूमि पर करीब 585 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित रेल कोच नवीनीकरण कारखाने का उद्घाटन गृह मंत्री अमित शाह ने 27 अक्तूबर, 2022 को वर्चुअल माध्यम से किया था।
रेल कोच नवीनीकरण कारखाना की क्षमता प्रतिवर्ष 250 एलएचबी कोच की है। यहां 90 से अधिक अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई है, जिनकी सहायता से नवीनीकरण का कार्य पूरा किया जा रहा है। परिसर में एडमिन ब्लॉक के साथ ट्रेनिंग सेंटर, कैंटीन, सिक्योरिटी ब्लॉक, टॉयलेट ब्लॉक, इलेक्ट्रिक सब-स्टेशन स्थापित किये गए हैं। सांसद रमेश कौशिक ने बताया कि वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद उन्हें रेलवे की स्टैंडिंग कमेटी में शामिल किया गया था। जब उन्होंने सोनीपत में रेलवे की परियोजना लाने के लिए प्रयास शुरू किए थे। रिकॉर्ड समय में रेल कोच नवीनीकरण कारखाना बनकर तैयार हुआ है। इसकी नींव स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी और बाद में भूमि पूजन का अवसर उन्हें मिला था। गृह मंत्री अमित शाह से रेल कोच कारखाने का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करवाया गया था। इस कारखाने में फिलहाल प्रतिवर्ष 250 रेल डिब्बों का नवीनीकरण हो रहा है। जिसे जल्द बढ़ाकर एक हजार तक किया जाएगा। अब वंदे भारत ट्रेन के डिब्बों का भी निर्माण होगा। बजट में इसकी घोषणा कर दी गई है। रेल कोच फैक्ट्रियों में बहुत सारे सामान व पुर्जों की जरूरत होती है और ज्यादातर रेल फैक्ट्रियां इस तरह के पुर्जे व जरूरत के सामान दूसरी छोटी फैक्ट्रियों से खरीदती हैं। ऐसे में बड़ी में कारखाना शुरू होने के बाद इन जरूरतों को पूरा करने के लिए सैकड़ों की संख्या में छोटे उद्योग विकसित होंगे। इससे क्षेत्र के युवाओं को बड़ी संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलेगा।