संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। प्रधानावास मोहल्ले में झगड़े के बाद युवक की हत्या के मामले में गन्नौर थाना पुलिस ने हत्यारोपी मां-बेटी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद वारदात में प्रयोग किए गए एक बैट भी बरामद किया है। मंगलवार को पुलिस ने हत्यारोपी मां-बेटी को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह ने बताया कि गांव लल्हेड़ी कलां फिलहाल गांधी नगर निवासी राहुल ने शिकायत दी थी कि प्रधानावास मोहल्ला निवासी रामकिशन व उसके परिजनों ने उनके छोटे भाई अंकित की डंडों व चाकू से हमला कर हत्या कर दी। राहुल का कहना था कि उसके छोटे भाई की दोस्ती प्रधानावास मोहल्ला निवासी अंकित उर्फ मंकित के साथ थी। रामकिशन का परिवार अंकित उर्फ मंकित के परिवार से रंजिश रखते हैं। आरोप है कि रामकिशन के बेटे ने उनके भाई अंकित को मंकित से दूर रहने की धमकी दे रखी थी। जिसके चलते रविवार रात मंकित के घर के पास रामकिशन, उसकी पत्नी, बेटा व बेटी ने मिल कर अंकित पर डंडों व तेजधार हथियार से हमला कर अंकित की हत्या कर दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया था। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।