मुरथल। कुराड रोड पर देवडू चौक के पास देर रात दो गाड़ियों में सवार होकर आए पांच हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और उसके साथी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक अपने साथी के भाई की जन्मदिन पार्टी में उनके घर जटवाड़ा आया था। वहां से वह कुराड़ रोड पर बीयर लेने आए थे। इसी दौरान हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। वारदात को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। हमले में घायल युवक को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। मुरथल थाना पुलिस ने घायल के बयान पर हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सामान्य अस्पताल में पहुंचे प्रविंद्र के पिता गांव जाहरी निवासी श्रवण ने बताया कि उसका बेटा प्रविंद्र उर्फ भोलू शुक्रवार को अपने साथी जटवाड़ा निवासी मनीष के घर गया था। वह घर पर कहकर आया था कि उसके दोस्त मनीष के भाई का जन्मदिन है। जिसकी जन्मदिन पार्टी में वह जा रहा है। वहां से वह मनीष व प्रविंद्र देर रात साथी की कार लेकर कुराड रोड स्थित शराब ठेके पर बीयर लेने गए थे। मनीष ने पुलिस को बताया कि जब वह ठेके पर पहुंचे तो उसे पता लगा कि वह पर्स घर पर ही छोड़ आया है। जिस पर उसने अपने दोस्त मयूर विहार निवासी नितिन को फोन कर बुलाया। इस बीच वह कार को शराब ठेके पर खड़ी कर देवडू चौक की तरफ पैदल ही घूमने आ गए। मनीष ने बताया कि तभी देवडू रोड का रहने वाला कुनाल अपने साथी के साथ कार में सवार होकर आया। उनके साथ उसकी पुरानी रंजिश है। कुनाल ने धमकी दी कि उसे श्याम नगर में गोली चलाने का जवाब देते हैं। इसी बीच कुनाल का दोस्त सींक पाथरी का सुमित उर्फ काला व तिहाड़ खुर्द का रोहित व सोनू भी स्कॉर्पियो में सवार होकर आ गए। उन्होंने उन पर गोली चला दी। मनीष ने बताया कि एक गोली उसके मुंह पर लगी। जिसके बाद वह शोर मचाता हुआ ठेके की तरफ भाग गया। इसी बीच उन्होंने प्रविंद्र को गोली मार दी। वह वहीं गिर गया। इसी दौरान उसका साथी नितिन भी वहां आ गया। ठेके पर भी दो-तीन अन्य लोग आ गए। जिस पर हमलावर वहां से भाग गए। नितिन ने देखा तो प्रविंद्र की मौत हो चुकी थी। उसकी आंख के पास गोली लगी थी और सिर से भी खून बह रहा था। नितिन मनीष को लेकर सरकारी अस्पताल में पहुुंचा। जहां उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह मनीष के बयान पर पांचों हमलावरों के खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
31 मार्च को सोनू ने मनीष व साथियों पर दर्ज कराया था हत्या के प्रयास का मुकदमा
प्रविंद्र की हत्या के मामले में आरोपी सोनू ने 31 मार्च को सिटी थाना की सेक्टर-23 चौकी में जटवाड़ा के मनीष समेत आठ-दस अन्य पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। सोनू का आरोप था कि श्याम नगर में 30 मार्च की रात को जब वह अपने साथी शुभम के घर पर था तो हमलावरों ने जानलेवा हमला करते हुए गोली चलाई थी। जिसमें पुलिस ने मनीष व अन्य पर केस दर्ज किया था। इसी झगड़े की रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है।
--
कुराड रोड कार सवार हमलावरों ने दो युवकों को गोली मार दी। हमले में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के बयान पर पांच हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है।
सुमित कुमार, थाना प्रभारी, मुरथल।
कुराड़ रोड पर युवक की हत्या के बाद सामान्य अस्पताल में शव लेने पहुंचे परिजन।- फोटो : Sonipat