गन्नौर। शहर के गुमड़ रोड पर फ्लाईओवर के पास प्रेम प्रसंग में युवक की चाकू और ईंट से हमला करके हत्या कर दी गई। शहर के गांधी नगर का रहने वाला युवक मंगलवार रात को शादी समारोह से लौट रहा था और उस दौरान ही हत्या की गई। उसका शव फुटपाथ पर पड़ा मिला। एक हमलावर युवक भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे यह माना जा रहा है कि युवक ने मरने से पहले संघर्ष भी किया था। पुलिस के अनुसार मृतक व एक युवती के बीच प्रेम प्रसंग था और उस युवती को हमलावर एक युवक भी पसंद करता था। पुलिस ने छानबीन के बाद तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांधी नगर कॉलोनी निवासी साहिल (24) मंगलवार की रात शादी समारोह में गया था। जब वह लौट रहा था तो गुमड़ निवासी अजीत, गांधी नगर निवासी तुषार व दीपक ने साहिल पर चाकू व ईंटों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। अपने बचाव में साहिल ने भी चाकू से अजीत पर हमला किया जिससे अजीत भी गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर चोटों के कारण साहिल की मौत हो गई। अजीत को इलाज के लिए सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। घटना के बाद तुषार व दीपक मौके से फरार हो गए। बुधवार की सुबह सूचना मिलने के बाद डीएसपी जोगेंद्र राठी व थाना गन्नौर प्रभारी वजीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से चाकू व ईंटों के टुकड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस ने साहिल के शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के भाई सचिन की शिकायत अजीत, तुषार व दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रेम प्रसंग में गई युवक की जान
गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि साहिल का जिस लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था, अजीत भी उसी लड़की को पसंद करता था। इसे लेकर अजीत व साहिल का पहले भी झगड़ा हुआ था। अजीत ने इसी रंजिश के चलते अपने भाई की दुकान पर काम करने वाले गांधी नगर निवासी तुषार व दीपक के साथ मिलकर मंगलवार की रात रेलवे ओवरब्रिज के फुटपाथ से अपने घर की तरफ जा रहे साहिल पर हमला कर दिया। अजीत ने अपने चाकू से साहिल पर हमला किया तो साहिल ने भी चाकू से अजीत पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया। इसी दौरान तुषार व दीपक ने ईंटों से साहिल के सिर पर वार किए, जिससे साहिल की मौत हो गई।
पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था साहिल
साहिल के भाई सचिन ने पुलिस को बताया कि वह पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। सबसे बड़ी बहन वर्षा है और वह उससे छोटा था। सचिन ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे पड़ोसी ने उसे व उसकी दादी को कहा कि आपके घर कोई हादसा हुआ है। उन्होंने मना किया तो उसने पुल पर जाने को कहा। फ्लाईओवर पर जाकर देखा तो फुटपाथ पर उसके भाई साहिल का शव पड़ा था।
साहिल व अजीत का रहा आपराधिक रिकार्ड
थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि साहिल व अजीत पर पहले से आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। साहिल पर थाना गन्नौर में एनडीपीएस एक्ट व अवैध हथियार रखने के आरोप में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अजीत पर गन्नौर, राई, सिटी सोनीपत, व सांपला थाने में मारपीट, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखने सहित अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वर्जन
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अजीत, तुषार और दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अजीत फिलहाल उपचाराधीन है। तुषार व दीपक की तलाश की जा रही है। जल्द ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।
- वजीर सिंह, थाना प्रभारी, गन्नौर।