गांव मलिकपुर में महिला की हत्या के बाद सामान्य अस्पताल में विलाप करते परिजन व महिला के बच्चे।
- फोटो : Sonipat
राई। गांव मलिकपुर में कहासुनी की रंजिश में ससुराल पक्ष के लोगों ने विधवा को जहर पिला दिया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने विधवा के भाई के बयान पर देवर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव मलिकपुर निवासी सीमा (42) को जहर खाने के चलते सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची मिमारपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सीमा के भाई गांव हथवाला निवासी सतप्रकाश ने उसकी बहन को जबरन जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सतप्रकाश ने कहासुनी की रंजिश में सीमा के देवर समेत पांच पर जहर पिलाकर हत्या का आरोप लगाया। उसने बताया कि उसकी बहन की शादी मलिकपुर के नरेंद्र के साथ की थी। उसके पति की सात साल पहले मौत हो गई। उसके पास दो बेटी व एक बेटा है। सीमा को उसका देवर बिट्टू उसकी पत्नी लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उसने आरोप लगाया कि 25 सितंबर को बिट्टू व उसकी पत्नी डिंपी ने उसकी बहन पर हमला किया था। जिसकी शिकायत भी पुलिस को दी गई थी। हालांकि बाद में समझौता हो गया था। सतप्रकाश ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह बिट्टू, उसकी पत्नी डिंपी, परिवार का विनोद, सुदेश व एक अन्य ने उसकी बहन को जबरन जहर पिला दिया। उसकी भांजी के एक घंटा शोर मचाने के बाद विनोद ने उसकी बहन सीमा को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला को जहर पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। महिला के भाई के बयान पर देवर समेत पांच आरोपियों पर हत्या व जहर खुरानी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद जांच को बिसरा मधुबन भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जगबीर सिंह, चौकी प्रभारी मिमारपुर