खरखौदा। गांव हलालपुर के रहने वाले ट्रक चालक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या दी। उनके सिर में भी चोट के निशान मिले हैं। वह शनिवार शाम को बाइक लेकर घर से निकला था। उसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया था। रविवार दोपहर को उसका शव हलालपुर गांव के ही खेतों में निर्वस्त्र पड़ा मिला। खेत में काम कर रहे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव हलालपुर निवासी अमित (25) और उसके पिता कृष्ण के पास ट्रक है। दोनों पिता-पुत्र उस ट्रक से माल ढुलाई का काम करते हैं। रविवार की दोपहर 12 बजे हलालपुर के खेतों में एक युवक का निर्वस्त्र शव पड़ा देख किसानों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सैदपुर चौकी प्रभारी चांद सिंह मौके पर पहुंचे तथा जांच की। इसी बीच डीएसपी हरेंद्र कुमार व थाना प्रभारी जसबीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जांच में शव की पहचान अमित के रूप में हुई। वह शनिवार को बाइक लेकर घर से निकला था। उसके बाद नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश भी की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। अमित के सीने और कमर में गोली के निशान मिले है। साथ ही सिर में चोट का भी निशान मिला है। अमित की बाइक भी शव के पास में ही खड़ी मिली है। अमित के पिता कृष्ण ने पुलिस को बताया कि वह देर शाम को खाना खाने के बाद अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। अब उसका शव खेतों में पड़ा मिला है।
कुछ देर में आने की बात कहकर निकला था अमित
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित शनिवार को खाना खाकर बाइक पर सवार होकर बाहर जाने लगा तो उन्होंने उससे बाहर जाने का कारण पूछा था। इस पर वह कुछ देर में ही वापस आने की बात कहकर गया था। उसके बाद वह वापस नहीं आया, इतना ही नहीं उसका फोन भी बंद हो गया। जिसके बाद परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने अमित की तलाश शुरू की। अमित ट्रक चालक था, ऐसे में ज्यादातर समय में वह गांव से बाहर ही रहता था। परिजनों ने अभी किसी से दुश्मनी होने की बात भी नहीं कही है। ऐसे में पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के लिए प्रयास में जुट गई है।
ठीकरी पहरे पर बैठे ग्रामीणों से जुटा रही सुराग
अमित की हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस मामले को लेकर गांव के लोगों से ही पूछताछ कर रही है। पुलिस लॉकडाउन के दौरान गांव में दिए जा रहे ठीकरी पहरे पर मौजूद रहे ग्रामीणों से भी पूछताछ करने में जुटी है। पता लगाया जा रहा है कि अमित को उन्होंने किसी के साथ जाते हुए तो नहीं देखा था।
वर्जन
युवक का शव खेत में मिला है। उसकी गोली मारकर हत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एक्सरे में पता लग सकेगा कि उसे कितनी गोली मारी गई है। फिलहाल कमर व सीने पर गोली के निशान दिख रहे हैं। उसके पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
- जसबीर सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा