फोटो : 12 : पुलिस की गिरफ्त में पांच हजार रुपये का इनामी विक्रम उर्फ भुस्सी। पुलिस प्रवक्ता
- फोटो : संवाद
सोनीपत। हत्या के मामले में सजायाफ्ता और पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश गांव राई निवासी विक्रम उर्फ भुस्सी को अवैध पिस्तौल व चोरी की गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2007 में हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था। इस मामले में दोषसिद्ध होने के बाद उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। पिछले माह वह पैरोल पर जेल से रिहा हुआ था और पैरोल की अविधि बीत जाने के बाद भी वह वापस जेल नहीं गया।
आरोपी विक्रम उर्फ भुस्सी सोमवार को जीटी रोड पर ओमेक्स सिटी के पास मौजूद था। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विक्रम उर्फ भुस्सी को गिरफ्तार कर लिया। गांव कुमासपुर रोड पर वह बिना नंबर प्लेट की कार में ड्राइवर सीट पर बैठा किसी का इंतजार कर रहा था। तलाशी में उसके पास से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। उसके पास से बरामद कार चोरी की है।
इंसपेक्टर अजय धनखड़ ने बताया कि विक्रम पुलिस रिकार्ड में पेशेवर अपराधी के तौर पर दर्ज है। वर्ष 2007 में एक हत्या के मामले में वह सजायाफ्ता है। पिछले महीने उसे पैरोल मिली थी लेकिन पैरोल खत्म होने के बाद वह जेल नहीं पहुंचा बल्कि एक कार चोरी की।
इसके बाद अवैध असलहे जुटाया। उसकी योजना किसी व्यापारी की हत्या करने के बाद दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने की थी। उसके खिलाफ पहले से संगीन अपराधों में 9 मुकदमा दर्ज हैं। आरोपी विक्रम उर्फ भुस्सी को न्यायालय में पेशकर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।