खरखौदा। गांव खांडा में ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर ईंट-भट्ठा संचालक की हत्या का मामला सामने आया है। संचालक के भाई ने ईंट-भट्ठा में साझेदार गांव के ही युवक पर साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका आरोप है कि आरोपी पहले भी उसके भाई के साथ गाली-गलौज करने के साथ ही झगड़ा कर चुका था। अब उसके भाई की कुचलकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव खांडा निवासी मनोज का कहना है कि उसके भाई देवेंद्र ने गांव के ही ढीले के साथ ईंट-भट्ठा में आठ वर्ष से साझेदारी की हुई थी। पैसों के लेनदेन को लेकर उसके भाई देवेंद्र के साथ ढीला कई बार हाथापाई कर चुका था। ढीले के व्यवहार को देखते हुए परिवार के सदस्य देवेंद्र को ढीले के साथ साझेदारी खत्म करने की बात कहते थे। जिस पर देवेंद्र ने पैसों का जल्द हिसाब कर अपनी हिस्सेदारी खत्म करने की बात कही थी। मनोज का कहना है कि ढीला कई बार उनके घर आकर भी गाली-गलौज कर चुका था। रविवार सुबह वह अपने भाई देवेंद्र के साथ खेतों में गया हुआ था। उस दौरान ढीले से हुई बातचीत के बाद उसने जल्द पैसों का हिसाब करने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद वह अपने घर आ गया, लेकिन बाद में उसे सूचना मिली कि उसके भाई देवेंद्र पर ढीले ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। सूचना पाकर जब वह मौके पर पहुंचा तो पाया कि उसके भाई की मौत हो चुकी थी। मनोज के मुताबिक घटनास्थल के पास ही लगे सीसीटीवी की जांच करने पर उन्होंने पाया कि उसका भाई देवेंद्र व एक अन्य युवक विजय बाइक से आ रहे थे। जब उन्होंने ट्रैक्टर लेकर आ रहे ढीले को ट्रैक्टर रोकने का इशारा किया तो उसने ट्रैक्टर को रोका नहीं। उसके भाई ने ट्रैक्टर के साथ-साथ चलकर ट्रैक्टर रुकवाने की कोशिश की। लेकिन ढीले ने ट्रैक्टर रोकने की बजाए उसके भाई पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। मनोज का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
-बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा।