मुरथल। गांव कुमासपुर के सरकारी स्कूल में भाई की हत्या का बदला लेने के लिए जमानत पर आए आरोपी को गोलियां मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी को सीआईए की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी गांव कुमासपुर का रहने वाला मंदीप है। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा। हमलावरों ने सौरभ के साथी संजीत पर भी गोलियां चलाई थी। पुलिस ने उसके बयान पर भी हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
गांव कुमासपुर के रहने वाले जगबीर ने सोमवार को पुलिस को बताया था कि उसका छोटा बेटा सौरभ (21) सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव के सरकारी स्कूल में गया था। उसके साथी मोहित और संजीत भी साथ थे। इसी दौरान गांव के मंदीप ने ममेरे भाई के साथ मिलकर उसके बेटे की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। जगबीर ने बताया था कि मंदीप के भाई संदीप की वर्ष 2019 में समालखा थाना क्षेत्र में हत्या हुई थी जिसमें उसका बेटा भी नामजद हुआ था। उसी रंजिश में उसके बेटे की हत्या की गई है। मामले में सीआईए की टीम ने आरोपी मंदीप को काबू कर लिया है। पुलिस ने उसके ममेरे भाई गांव ताजपुर के राकेश की पहचान कर ली है। उसे भी काबू किया जाएगा। वहीं मुरथल पुलिस ने सौरभ के साथी संजीत को गोली मारने के मामले में भी हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
बचा तो उन्हें मार देगा सौरभ, इस डर में चलाई ताबड़तोड़ गोली
गिरफ्तार आरोपी मंदीप ने पुलिस को बताया कि उन्हें डर था कि यदि सौरभ बच गया तो उन्हें मार देगा। इसके चलते ही उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां मारी थी। इस हत्याकांड में उसके साथ ममेरा भाई राकेश भी था। दोनों ने गोलियां मारी थी। राकेश अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।
वर्जन
सौरभ हत्याकांड के आरोपी मंदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मंदीप के साथ उसका ममेरा भाई राकेश था। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रवींद्र कुमार, प्रभारी, सीआईए-1