गर्मी में शहर के लोगों को पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा। नगर निगम की ओर से टैंकर भेजकर कॉलोनियों में अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। जिन कॉलोनियों में पाइपलाइन के जरिये घर-घर पानी नहीं पहुंच पाता है, वहां पर पानी के टैंकरों को भेजा जाएगा।
नगर निगम की ओर से पेयजल की बेहतर सुविधा देने के लिए 600 रुपये प्रति टैंकर खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के पार्षद और मेयर इस फैसले पर मुहर लगा चुके हैं। अब जल्द ही इस पहल पर काम शुरू किया जाएगा। लोगों की प्यास बुझाने के लिए शहर के पूर्वी व पश्चिमी (रेलवे लाइन पार) क्षेत्र में 12 टैंकर लगाए जाएंगे।
शहर में 53 हजार से ज्यादा पानी के कनेक्शन हैं। इसके अतिरिक्त कुछ अवैध कनेक्शन भी चल रहे हैं। शहर के लोगों की मांग के अनुसार पेयजल मुहैया कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। निगम बनने से पहले शहर में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था जनस्वास्थ्य विभाग करता था। निगम में 13 गांवों को भी शामिल किया गया है, लेकिन उसके हिसाब से पानी की आपूर्ति के लिए संसाधन नहीं बढ़ाए जा सके हैं। ऐसे में गर्मी में पारा बढ़ते ही पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है। बिजली के अघोषित कटों की वजह से पानी की आपूर्ति प्रभावित होने लगती है।
इन कॉलोनियों में पेयजल की समस्या
शहर के न्यू मिशन कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी, विकास नगर, मालवीय नगर, वेस्ट रामनगर, शिव कॉलोनी, गढ़ी घसीटा, ककरोई रोड, कोट मोहल्ला, कलां मोहल्ला, मसद मोहल्ला, तारा नगर, डबल स्टोरी, पंचशील कॉलोनी, सुंदर सांवरी, न्यू महावीर कॉलोनी, सुदामा नगर, बाबा कॉलोनी, मोहन नगर, लक्ष्मण कॉलोनी में सबसे ज्यादा पेयजल समस्या बनी रहती है। इन कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति कम होने के कारण लोगों को परेशानी होती है।
पानी आपूर्ति के लिए लगाए जाएंगे 12 टैंकर
शहर की कॉलानियों में हर गली तक पानी आपूर्ति के लिए नगर निगम ने 12 टैंकर लगाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर 30 मार्च को हुई निगम पार्षदों की बैठक में पेयजल समस्या के समाधान के लिए टैंकर लगाने का प्रस्ताव पास किया था। इस पर निगम आयुक्त की ओर से टैंकरों से पानी आपूर्ति करने की मंजूरी मिल चुकी है। नगर निगम की ओर से टैंकरों से पानी आपूर्ति की जाएगी। इसके बदले में नगर निगम की ओर से प्रति टैंकर 600 रुपये अदा किए जाएंगे।
शहर की जिन कॉलोनियों में पाइपलाइन के जरिए पानी नहीं पहुंच पाता, उनमें पानी पहुंचाने के लिए 12 टैंकर लगाए जाएंगे। निगम की ओर से 600 रुपये प्रति टैंकर पानी के लिए खर्च किए जाएंगे। शहर के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पानी के लिए तरसना नहीं पड़ेगा। -अशोक रावत, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम सोनीपत।