फोटो 01- सोनीपत के गोहाना में गांव खानपुर कलां की गली में हुए जलभराव से गुजरते ग्रामीण। संवाद
गोहाना। गांव खानपुर कलां में पानी निकासी न होने से लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद कई दिनों तक गलियों में पानी भरा रहता है। इससे कच्ची गलियों में कीचड़ और गंदगी फैली रहती है।
गांव खानपुर कलां में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में घरों से निकलने वाला पानी गलियों में ही भरा रहता है। बारिश होने पर परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। गांव में बारिश के पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। बारिश होने पर गलियों से लेकर लोगों के मकानों तक में पानी भर जाता है। ग्राम पंचायत की ओर से पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है।
ग्रामीण मनोज, अजीत, अमित व विकास का कहना है कि गांव में लोगों ने नए मकान बनाए हैं, लेकिन आबादी के हिसाब से मार्गों और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया है। इससे बारिश में पानी की निकास नहीं हो पाती। गलियों से लेकर निचले घरों में पानी भर जाता है। घरों में पानी भरने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
वर्जन
गांव में पानी निकासी के लिए व्यवस्था कराई जा रही है। इसके लिए पाइप लाइन दबाने व सीवर लाइन बिछाई का काम हो रहा है। काम पूरा होने के बाद ग्रामीणों को परेशानी का सामना नहीं करना होगा।
संगीता, सरपंच, खानपुर कलां