सोनीपत। खरीफ सीजन में किसानों को बेहतर गुणवत्ता का खाद, बीज व दवा उपलब्ध करवाने के लिए कृषि विभाग ने जांच के दौरान सैंपल लिए थे। अब इनकी रिपोर्ट मिलनी शुरू हो गई है। पांच सैंपल की रिपोर्ट में तीन गुणवत्ता में खरे नहीं उतर पाए है। दवा के चार सैंपल में से दो व खाद का लिया गया एक सैंपल फेल है। विभाग विक्रेता के खिलाफ नोटिस जारी करेगा। इसके जवाब के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सोनीपत में करीब 400 लाइसेंसी खाद, बीज व दवा विक्रेता हैं। विभाग ने पारदर्शिता के लिए खाद, बीज व दवा के लाइसेंस को परिवार पहचान पत्र से अटैच करने का भी फैसला किया है। कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि किसानों को उत्तम गुणवत्ता का खाद, बीज व दवा उपलब्ध हो सके इसके लिए 50 से अधिक सैंपल लेकर जांच को भेजे थे। इनमें से पांच सैंपल की रिपोर्ट आई है। इसमें दवा व खाद एक सैंपल कम गुणवत्ता का मिला है। इस संबंध में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।