सोनीपत। आबकारी एवं कराधान विभाग को 428 करोड़ रुपये राजस्व चुकाकर शराब ठेकेदार 54 जोन में मदिरापान करा सकेंगे। विभाग की ओर से वीरवार को ई-टेंडरिंग के माध्यम से 74 जोन में से 54 जोन बेचे गए। इनमें नेशनल हाईवे (एनएच-44) के साथ लगता प्याऊ मनियारी जोन इस बार भी सबसे महंगा बिका। विभाग की ओर से इस जोन का रिजर्व प्राइस 31.50 करोड़ रुपये निर्धारित किया था। यह जोन 35.11 करोड़ रुपये में बिका।
विभाग को 54 जोन से 428 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। इसके बाद फिरोजपुर बांगर जोन का रिजर्व प्राइस 16.15 करोड़ रुपये रखा गया था। यह जोन 21.82 करोड़ रुपये का बिका। तीसरे नंबर पर गोल्डन हट सोनीपत जोन 19.57 करोड़ रुपये में बिका। इसका रिजर्व प्राइस 18.50 करोड़ निर्धारित कर रखा था। चौथे नंबर पर माखनभोग कुंडली जोन 15.57 करोड़ रुपये में बिका। इसका रिजर्व प्राइस 13 करोड़ रुपये निर्धारित कर रखा था।
राजस्व 450 करोड़ से पार होने की उम्मीद
शराब ठेके लेने के लिए प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया था। विभाग को उम्मीद है 20 जोन और बिकने के बाद राजस्व प्राप्त होने का आंकड़ा 450 करोड़ रुपये से पार हो जाएगा। नए ठेकेदार 12 जून से शराब ठेके संभालेंगे।
एक्साइज अलॉटमेंट कमेटी में सीटीएम रही चेयरमैन
शराब ठेकों के लिए ऑनलाइन बोली के तहत आवेदन मांगे गए थे। शुक्रवार को आवंटित प्रक्रिया के दौरान एक्साइज अलॉटमेंट कमेटी की चेयरपर्सन नगराधीश पूजा कुमारी रही। उनके साथ उप आबकारी कराधान आयुक्त नरेंद्र कौशिक, जीएसटी आयुक्त नीलरत्न झा की कमेटी ने टेंडर खोले। शराब ठेका आवंटन की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त राहुल देव, एईटीओ सुलक्षणा, सेक्टर-27 थाना प्रभारी जयभगवान, आबकारी निरीक्षक जयभगवान, ललित, महावीर, संजय, अमरजीत भी मौजूद रहे।
वर्जन
74 में से 54 जोन की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 20 जोन को सही खरीदार नहीं मिलने के कारण इसकी नीलामी नहीं हो सकी।
नरेश कौशिक, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त