फोटो 05 - लोक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे तालमेल कमेटी के सदस्य। संवाद
सोनीपत। हरियाणा कर्मचारी महासंघ पीडब्ल्यूडी व हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की तालमेल कमेटी की ओर से लोक निर्माण विभाग के कार्यालय परिसर में धरना आठवें दिन जारी रहा। जिसकी अध्यक्षता नरेश कुमार व संचालन मनोज कुमार ने किया। धरने में सोनीपत, खरखौदा, गोहाना व गन्नौर के कर्मचारियों ने भाग लिया।
इकाई के प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि अधिकारी ने वीरवार को संगठन से मिलने का समय दिया था, मगर मांगों पर कोई सहमति नहीं बन पाई। तालमेल कमेटी ने अनिश्चितकालीन धरना रखने का निर्णय लिया है। जब तक कर्मचारियों की सभी मांगें नहीं मानी जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को 11 माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। गोहाना बीएंडआर के स्टोर में बारिश के दौरान 4 फुट तक पानी भर जाता है। कर्मचारियों को एक वर्ष से एलटीसी, टीए बिल नहीं दिए जा रहे हैं। इस दौरान जन स्वास्थ्य शाखा के जिला प्रधान विष्णु दत्त भारद्वाज, राज्य चेयरमैन रणबीर दलाल, सुभाष भट्ठी, राजेश, गीतेश रोहिल्ला, धर्मेंद्र मलिक व नरेश कुमार ने तालमेल कमेटी की मांगों का समर्थन किया।