सोनीपत। प्रशासन से परिचय कार्यक्रम के तहत वीरवार को गन्नौर व गांव लाठ स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय के विद्यार्थियों को प्रशासनिक तंत्र का अनुभव व कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय पहुंचे दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों का नगराधीश डॉ. अनमोल ने प्रशासनिक एंबेसडर बैज लगाकर स्वागत किया।
जिला के राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय के अव्वल विद्यार्थियों को प्रशासनिक तंत्र का अनुभव व कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए प्रशासन से परिचय कार्यक्रम वीरवार को शुरू किया गया। इससे पहले उक्त कार्यक्रम के तहत पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर दिया गया था।
यह कार्यक्रम 4 नवंबर तक राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय स्तर पर चलाया जाएगा। नगराधीश डॉ. अनमोल ने विद्यार्थियों को बताया कि किस तरह प्रशासन काम करता है, किस तरह समाधान शिविर के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं व सुझाव सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं। समाधान शिविर की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया।
नगराधीश डॉ. अनमोल ने विद्यार्थियों के साथ अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए। प्रशासनिक व्यवस्थाओं के महत्व को समझाते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया।
आज औद्याेगिक क्षेत्र का भ्रमण करेंगे विद्यार्थी
जिला सहायक परियोजना संयोजक डॉ. अत्तर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, गन्नौर के पांच विद्यार्थी दीक्षा, दीपांशु, अनिकेत, दीपिका, अनुष्का और मॉडल संस्कृति स्कूल, लाठ से मुस्कान श्रुति, सुहानी, नितिन ने प्रशासनिक ज्ञान अर्जित किया। उन्होंने सभी विभागों की कार्यप्रणाली व अनुभव के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सभी को औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण भी करवाया जाएगा।