खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने बुधवार को शहर में तीन दुकानों पर कार्रवाई की। इस दौरान टीम को आंबेडकर चौक पर एक दुकानदार एमआरपी से अधिक मूल्य में दूध बेचता मिला, जिस पर अधिकारियों ने दुकानदार का पांच हजार रुपये का चालान किया। थैली पर 28 रुपये अंकित था, जबकि उससे 30 रुपये वसूले थे। इसके साथ ही भविष्य में पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।
कार्यवाहक एएफएसओ रोहित मलिक ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आंबेडकर चौक पर लंबू भाई टी स्टॉल पर दूध की थैलियों को अधिक दामों पर बेच रहा है। बुधवार को उनकी मौके पर जांच करने के लिए आंबेडकर चौक पर पहुंची। इस दौरान अधिकारियों ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दूध की थैली लेने के लिए भेजा। अधिकारियों के अनुसार प्रशासन ने दूध का प्रति लिटर भाव 55 रुपये तय कर रखा है। ग्राहक बने कर्मचारी ने दुकानदार सुरेश कुमार से आधे लीटर की थैली मांगी। दूध की थैली पर एमआरपी ही 28 रुपये प्रिंट था, लेकिन दुकानदार ने 50 रुपये के नोट में से 20 रुपये ही वापस किए। इस पर अधिकारी तुरंत दुकान पर पहुंचे और सुरेश कुमार का पांच हजार रुपये का चालान काटकर उसे थमा दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर दोबारा से अधिक मूल्य में दूध बेचते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके बाद अधिकारी पुरानी अनाज मंडी में थोक कारोबारी ज्ञानी राम अशोक कुमार और जगदीश राय अशोक कुमार की जांच करने के लिए भी पहुंचे। कार्यवाहक एएफएसओ रोहित मलिक ने बताया कि दोनों थोक कारोबारी निश्चित दाम चार्ज करते हुए ही मिले। उन्होंने कहा कि जांच लगातार जारी रहेगी। किसी भी दुकानदार को एमआरपी से ज्यादा दाम नहीं वसूलने दिए जाएंगे। टीम में इंस्पेक्टर राजेश सिंह, भूपेंद्र मलिक और शरद कुमार शामिल रहे।